Tuesday , September 15 2026

सीएम धामी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की आस्था ट्रेन, हर्रावाला से 720 श्रद्धालु पहुंचे सोमनाथ धाम की ओर

देहरादून। उत्तराखंड सरकार की ओर से आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा’ के तहत सोमवार को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से विशेष आस्था ट्रेन गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए रवाना हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हर्रावाला रेलवे स्टेशन पहुंचकर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में धार्मिक उत्साह देखने को मिला और पूरा स्टेशन जयकारों से गूंज उठा।

इस विशेष ट्रेन में 720 श्रद्धालु सोमनाथ धाम की यात्रा के लिए रवाना हुए। उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग की पहल पर शुरू की गई इस यात्रा का उद्देश्य श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के साथ-साथ भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है। मुख्यमंत्री धामी ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की।

यात्रा को श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुविधाजनक और आरामदायक बनाने के लिए सरकार की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। पूरे सफर के दौरान यात्रियों को सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात्रि का भोजन, पीने का शुद्ध पानी, चाय-कॉफी, शीतल पेय, छाछ तथा पैक्ड नारियल पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा यात्रा के दौरान अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

सरकार का कहना है कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह की विशेष यात्राओं का आयोजन आगे भी जारी रहेगा। सोमनाथ धाम के लिए रवाना हुई यह आस्था ट्रेन उत्तराखंड सरकार के धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Check Also

लोकायुक्त संगठन के स्वर्णिम 50 साल, सीएम योगी ने कहा- शिकायतों का समय पर हो समाधान

लखनऊ में सोमवार को उत्तर प्रदेश लोकायुक्त संगठन के 50वें स्थापना दिवस पर समारोह आयोजित ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *