Tuesday , July 14 2026

सुंदरकांड से गरमाई दिल्ली की राजनीति, राम मंदिर विवाद पर AAP और BJP में आरोप-प्रत्यारोप

राम मंदिर से जुड़े कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान शुरू कर दिया है। दिल्ली के रोहिणी स्थित जापानी पार्क में सुंदरकांड पाठ और हनुमान आरती के साथ अभियान की शुरुआत की गई। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित पत्र पर सबसे पहले हस्ताक्षर कर अभियान का शुभारंभ किया।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि राम मंदिर से जुड़े कथित जमीन खरीद, निर्माण कार्य और चढ़ावे में हुई अनियमितताओं के आरोपों ने करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रधानमंत्री से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि यदि उनकी भगवान राम में सच्ची आस्था है तो मामले की पूरी सच्चाई देश के सामने लाई जाए और किसी भी दोषी को बचाया न जाए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि जांच के नाम पर केवल औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार को ई-20 पेट्रोल के मुद्दे पर भी घेरा। उनका दावा था कि इसके इस्तेमाल से बड़ी संख्या में वाहनों की कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है और माइलेज में भी कमी आई है।

वहीं, आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने 650 करोड़ रुपये के कथित दवा घोटाले की जांच को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि मामले से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सरकारी फाइलें स्वास्थ्य विभाग से गायब हैं, जिसके कारण विजिलेंस और एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) की जांच प्रभावित हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार किसे बचाने की कोशिश कर रही है।

AAP के अभियान पर भाजपा ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल धार्मिक आयोजनों का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए करते हैं। उन्होंने कहा कि जब भी AAP राजनीतिक दबाव में होती है, तब सुंदरकांड पाठ और धार्मिक कार्यक्रमों का सहारा लिया जाता है। भाजपा ने इस पूरे अभियान को चुनावी राजनीति से प्रेरित बताते हुए धार्मिक आस्था के राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप लगाया।

Check Also

यूपी में इंफ्रास्ट्रक्चर को बड़ा बूस्ट, एयरपोर्ट-आउटर रिंग रोड एलिवेटेड कॉरिडोर समेत 60 हजार करोड़ की योजनाएं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सड़क नेटवर्क को नई रफ्तार देने के लिए केंद्र सरकार ने ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *