Thursday , September 17 2026

इंस्टाग्राम रील में तमंचा लहराकर बना रहा था रौब, ‘बल्लू दादा’ की दादागिरी पुलिस ने उतारी

इंस्टाग्राम पर तमंचा लहराकर रील बनाना पड़ा भारी, जाफराबाद पुलिस ने दो झपटमारों को दबोचा

दिल्ली की जाफराबाद थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर तमंचा लहराकर वीडियो और स्टोरी पोस्ट करने वाले दो झपटमारों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोनी (गाजियाबाद) निवासी अरमान (22) और उसके साथी रिहान (19) के रूप में हुई है। अरमान सोशल मीडिया पर खुद को ‘बल्लू दादा जाफराबादी’ बताकर हथियारों के साथ वीडियो पोस्ट करता था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी तमंचा, एक कारतूस, झपटा गया मोबाइल फोन और दूसरे मोबाइल में हथियारों के साथ बनाई गई कई वीडियो बरामद की हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ लगातार वीडियो और स्टोरी पोस्ट कर रहा है। जांच के बाद पुलिस ने 10 जुलाई को घोंडा चौक स्थित पंचवटी पार्क के पास छापेमारी कर अरमान को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुआ।

पूछताछ में अरमान ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी रिहान के साथ मिलकर 23 जून और 9 जुलाई को मोबाइल झपटमारी की दो वारदातों को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस ने रिहान को चौहान बांगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Check Also

आर्मी स्कूल समेत दिल्ली के कई स्कूलों को धमकी, अलर्ट हुई पुलिस; सुरक्षा टीमों ने शुरू की जांच

राजधानी दिल्ली में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दक्षिण-पश्चिम जिले में स्थित ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *