मेरठ में अनुसूचित जाति की छात्रा हत्याकांड को लेकर सियासत तेज हो गई है। शुक्रवार को आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें सिवाया टोल प्लाजा पर रोक दिया। बाद में प्रशासन ने पीड़ित परिवार को नियंत्रण कक्ष बुलाया, जहां चंद्रशेखर ने मृतका की मां और बहन से मुलाकात कर न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
मुलाकात के दौरान ग्रामीण क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार भी मौजूद रहे। चंद्रशेखर ने परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन देते हुए कहा कि वह न्याय की लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।
मीडिया से बातचीत में चंद्रशेखर आजाद ने दलित समाज के लोगों पर हुई पुलिस कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने कहा कि लोगों के साथ मारपीट किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो वह इस मुद्दे को संसद में उठाएंगे और गिरफ्तार लोगों की रिहाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन भी करेंगे।
इस दौरान चंद्रशेखर ने बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती का नाम लिए बिना उन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “हम मगरमच्छ के आंसू बहाने आते हैं, आप भी आओ, आपको किसने रोका है?” साथ ही उन्होंने कहा कि केवल अदालत का रास्ता दिखाना पर्याप्त नहीं है, पीड़ित परिवार को समयबद्ध न्याय मिलना चाहिए और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi