आलिया भट्ट की एक्शन स्पाई ड्रामा फिल्म ‘अल्फा’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। रिलीज के एक सप्ताह बाद भी फिल्म 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार नहीं कर सकी है। सातवें दिन फिल्म की कमाई में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई।
शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘अल्फा’ ने सातवें दिन 1.22 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इससे पहले छठे दिन फिल्म ने 2.85 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसके साथ ही फिल्म का कुल घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 46.17 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
अब शुक्रवार को अजय देवगन की ‘धमाल 4’ सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है, जिससे ‘अल्फा’ के सामने बॉक्स ऑफिस पर नई चुनौती खड़ी हो गई है। एडवांस बुकिंग के शुरुआती रुझानों के अनुसार, ‘धमाल 4’ को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के 57 हजार से अधिक टिकट पहले ही बिक चुके हैं और एडवांस बुकिंग से 1.45 करोड़ रुपये की कमाई हो चुकी है।
वहीं, सिनेमाघरों में पहले से मौजूद फिल्मों में ‘वेलकम टू द जंगल’ ने 14वें दिन 1.27 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि ‘कॉकटेल 2’ ने 21वें दिन 29 लाख रुपये की कमाई की। ऐसे में गुरुवार को ‘अल्फा’ ने ‘कॉकटेल 2’ से बेहतर प्रदर्शन किया, लेकिन ‘वेलकम टू द जंगल’ से पीछे रह गई।
बॉक्स ऑफिस पर बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ‘अल्फा’ दूसरे सप्ताह में 50 करोड़ क्लब में जगह बना पाती है या नहीं।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi