बुलेट और नकदी की दहेज मांग पूरी न होने पर महिला को तीन तलाक, पति समेत पांच पर FIR
फतेहपुर में दहेज उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है। आरोप है कि बुलेट मोटरसाइकिल और डेढ़ लाख रुपये नकद की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष ने विवाहिता को प्रताड़ित किया, मारपीट कर घर से निकाल दिया और बाद में पति ने मोबाइल फोन पर तीन तलाक दे दिया। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के पिता सईद खां, निवासी नूरगंज मोहल्ला, ललौली कस्बा, ने बताया कि उनकी बेटी नाजनी का निकाह 22 नवंबर 2023 को समर खां से हुआ था। शादी के बाद दंपती महाराष्ट्र के मुंब्रा क्षेत्र में रहने लगे। आरोप है कि पति, सास, ससुर, जेठ और चचेरे ससुर ने बुलेट मोटरसाइकिल और डेढ़ लाख रुपये नकद की मांग को लेकर विवाहिता को लगातार प्रताड़ित किया।
शिकायत के अनुसार, दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। इसके बाद पति ने मोबाइल फोन पर तीन तलाक देने की बात कही।
पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर पति समर खां, सास शरीना, ससुर रईस खां, जेठ रफीक खां और चचेरे ससुर नफीस खां के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi