देशभर में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। महाराष्ट्र, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली समेत कई राज्यों में बाढ़, जलभराव और भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं।
महाराष्ट्र के रायगढ़ में पनवेल स्थित LPG बॉटलिंग प्लांट में बाढ़ का पानी घुसने से करीब 3 हजार LPG सिलेंडर पातालगंगा नदी में बह गए। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं सिलेंडर दिखाई दे तो उसे न छुएं और तुरंत प्रशासन को सूचना दें।
मध्य प्रदेश में बुधवार को 27 से अधिक जिलों में बारिश हुई। खरगोन में रूपारेल नदी के तेज बहाव में एक युवक बह गया, जबकि दमोह में सबसे ज्यादा 1.75 इंच बारिश दर्ज की गई।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में यमुनोत्री और गंगोत्री हाईवे पर भूस्खलन हुआ। टिहरी में नेशनल हाईवे-707A पर लैंडस्लाइड से एक मकान ढह गया, जबकि आसपास के अन्य मकानों पर भी खतरा बना हुआ है। राज्य में लगातार बारिश के चलते 71 सड़कें बंद हैं और पांच जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है।
राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ में भारी बारिश के कारण एक मकान ढह गया। हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोग मलबे में दब गए, जिन्हें रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दिल्ली में सुबह से जारी बारिश के कारण रेलवे स्टेशन, मुनिरका और कई इलाकों में जलभराव हो गया। मौसम विभाग ने राजधानी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं, पुणे में कचरे का पहाड़ तीन मंजिला इमारत पर गिरने के मामले में अब तक 9 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। लोनावला-करजत घाट सेक्शन में भूस्खलन के चलते 8 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब, केरल, ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में अगले 48 घंटों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi