Friday , September 18 2026

NEET 2027 में लागू होगा नया सिस्टम, कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा के लिए 1000+ सेंटर तैयार होंगे

मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG का स्वरूप वर्ष 2027 से पूरी तरह बदल जाएगा। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) अब इस परीक्षा को पूरी तरह कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित करेगी। परीक्षा एक दिन के बजाय कम से कम छह दिनों तक कराई जाएगी और इसके लिए देशभर में 1,000 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।

हर साल करीब 25 लाख अभ्यर्थी NEET-UG में शामिल होते हैं। फिलहाल यह परीक्षा पेन-पेपर मोड में आयोजित की जाती है, लेकिन हाल के वर्षों में सामने आए पेपर लीक और अनियमितताओं के बाद परीक्षा प्रणाली में बड़े बदलाव की तैयारी की गई है। सूत्रों के मुताबिक, नई व्यवस्था का खाका तैयार किया जा रहा है और परीक्षा का आयोजन JEE की तर्ज पर अलग-अलग दिनों में होगा।

पेपर लीक विवाद के बाद बदला एग्जाम पैटर्न

NEET-UG में बदलाव का फैसला 2024 और 2026 में सामने आए पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों के बाद लिया गया है। शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच लंबे समय से परीक्षा को ऑनलाइन कराने पर चर्चा चल रही थी, लेकिन विवादों के बाद सुधार प्रक्रिया को तेज कर दिया गया।

NEET-UG के अंकों के आधार पर MBBS के साथ-साथ BDS, आयुर्वेद, यूनानी और सिद्ध चिकित्सा के स्नातक पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश दिया जाता है।

2026 में परीक्षा रद्द करानी पड़ी थी

इस वर्ष 3 मई 2026 को NEET-UG परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इसमें करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा के कुछ दिनों बाद गड़बड़ी की शिकायतें सामने आने पर मामला केंद्रीय एजेंसियों को सौंपा गया।

12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई और री-एग्जाम कराने का फैसला लिया गया। 15 मई को शिक्षा मंत्रालय और NTA ने दोबारा परीक्षा की तारीख घोषित की। मामले की जांच फिलहाल CBI कर रही है।

परीक्षा सुधार के लिए बनी थी उच्चस्तरीय समिति

परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए जून 2024 में केंद्र सरकार ने पूर्व ISRO अध्यक्ष डॉ. के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति गठित की थी। समिति को परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए सुझाव देने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब इन्हीं सिफारिशों के आधार पर NEET-UG 2027 में बड़े बदलाव लागू किए जा रहे हैं।

Check Also

AIIMS BSc Nursing: ओपन राउंड काउंसलिंग का पूरा कार्यक्रम जारी, ऐसे करें च्वाइस फिलिंग

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली ने बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग और बीएससी एलाइड एंड ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *