Saturday , August 22 2026

देहरादून में दिल दहला देने वाली वारदात: युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, करंट और गर्म रॉड से किया प्रताड़ित

देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में एक युवक के साथ बर्बरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूटी की टक्कर के बाद 10-15 युवकों ने उसे अगवा कर करीब छह घंटे तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, बिजली का करंट लगाया गया और गर्म लोहे की रॉड से दागा गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसके प्राइवेट पार्ट में पेचकस भी घोंपा गया।

पीड़ित आजाद रावत ने किसी तरह रात करीब 3 बजे आरोपियों के चंगुल से भागकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे दून अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पीड़ित के मुताबिक, घटना 3 जुलाई की रात लालपुल, पटेलनगर के पास स्कूटी की टक्कर के बाद शुरू हुई। आरोप है कि अंकुर वाल्मीकि और उसका साथी साहिल पहले सड़क पर मारपीट करने लगे, फिर उसे जबरन निरंजनपुर फल मंडी स्थित दुकान नंबर-106 में ले जाकर बंधक बना लिया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने युवक को बिजली का करंट लगाया, गर्म लोहे की रॉड से दागा और लगातार जान से मारने की धमकी दी। युवक के शरीर के कई हिस्सों, पीठ और प्राइवेट पार्ट पर गंभीर चोट के निशान बताए गए हैं।

परिजनों का आरोप है कि आरोपी कमरे में शराब पीते रहे और पूरी रात युवक को यातनाएं देते रहे। मौका मिलते ही पीड़ित वहां से भाग निकला और परिजनों की मदद से अस्पताल पहुंचा।

पटेलनगर थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अंकुर वाल्मीकि, साहिल और अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

मेरठ में SSP पर फिर उठे सवाल, सपा नेता की पिटाई के आरोप पर अखिलेश ने मांगी जांच

थप्पड़ कांड के बाद एक बार फिर तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय विवादों में घिर गए ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *