Tuesday , July 7 2026

राम मंदिर चढ़ावा विवाद में बढ़ी बयानबाजी, VHP अध्यक्ष के पत्र पर संजय सिंह का पलटवार

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने विश्व हिंदू परिषद (VHP) के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार के पत्र पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आलोक कुमार राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

संजय सिंह ने कहा कि यदि निष्पक्ष जांच की मंशा होती तो पत्र में उन लोगों के नाम भी शामिल किए जाते, जिन्होंने सार्वजनिक रूप से मंदिर में चोरी और अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा भी कई बार कह चुके हैं कि मंदिर में सिर्फ चोरी नहीं, बल्कि डकैती हुई है, लेकिन उनके नाम का भी पत्र में उल्लेख नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में उन्होंने अयोध्या कोतवाली में जमीन खरीद घोटाले की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उस समय किसी ने कार्रवाई नहीं की। अब वह जांच में पूरा सहयोग देने को तैयार हैं और जांच अधिकारी को पत्र लिखकर उन सभी लोगों से पूछताछ की मांग करेंगे, जिन्होंने मंदिर ट्रस्ट में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं।

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि मंदिर से दान राशि, आभूषण, श्रीराम की पादुकाएं, हार और रामचरितमानस जैसी बहुमूल्य वस्तुओं के गायब होने के दावे सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी मामलों की निष्पक्ष और व्यापक जांच होनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के कुछ नेताओं ने भी प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर मंदिर ट्रस्ट की वित्तीय व्यवस्था, दान राशि के संग्रहण और खर्च का विशेष ऑडिट कराने की मांग की थी। ऐसे में पूरे मामले की पारदर्शी जांच जरूरी है।

संजय सिंह ने कहा कि वह जांच एजेंसी के सामने सभी उपलब्ध दस्तावेज और साक्ष्य प्रस्तुत करेंगे तथा केंद्र सरकार के तत्कालीन प्रतिनिधियों सहित संबंधित सभी लोगों से पूछताछ की मांग करेंगे।

Check Also

केजरीवाल का आरोप- भाजपा ने आस्था का राजनीतिक इस्तेमाल किया, हिंदू सबसे ज्यादा ठगे गए

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *