Tuesday , October 13 2026

अभिषेक, नीलकांत, सुखजीत और राजिंदर के गोल, भारत ने पाकिस्तान को हराया

भारतीय हॉकी टीम ने FIH प्रो लीग में पाकिस्तान को 4-3 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। लंदन के ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में खेले गए मुकाबले में भारत ने 1-0 से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी की। टीम इंडिया की ओर से अभिषेक, नीलकांत शर्मा, सुखजीत सिंह और राजिंदर सिंह ने गोल किए।

मैच में पाकिस्तान ने 10वें मिनट में अहमद नदीम के गोल की बदौलत बढ़त बनाई थी, लेकिन दूसरे क्वार्टर में अभिषेक और नीलकांत के लगातार गोलों ने भारत को 2-1 से आगे कर दिया। तीसरे क्वार्टर में सुखजीत सिंह ने बढ़त को 3-1 किया, जबकि अंतिम क्वार्टर में राजिंदर सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 4-1 कर दिया।

इसके बाद पाकिस्तान ने वापसी की कोशिश की और कप्तान अबू महमूद तथा शकील मोईन के गोल से अंतर 4-3 तक पहुंचाया, लेकिन भारतीय टीम ने बढ़त बरकरार रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

भारतीय टीम का पाकिस्तान पर दबदबा लगातार कायम है। दोनों टीमों के बीच पिछले 18 मुकाबलों में भारत ने 16 जीत हासिल की हैं, जबकि 2 मैच ड्रॉ रहे हैं। पाकिस्तान ने आखिरी बार दिसंबर 2016 में भारत को हराया था।

गौरतलब है कि पाकिस्तान की टीम इस मुकाबले में अपने नियमित कप्तान अम्माद शकील बट और मुख्य कोच के बिना उतरी थी। वहीं, भारत ने पूरे मैच में आक्रामक खेल दिखाते हुए पाकिस्तान के सर्किल में 19 बार प्रवेश किया और 9 पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए।

Check Also

चीनी की कमी से बाजार में बढ़ी महंगाई: पांच दिन में कीमतें 25% चढ़ीं, त्योहारों से पहले ग्राहकों पर बोझ

त्योहारों के सीजन में मुरादाबाद के बाजारों में चीनी, गुड़ और बूरा की कीमतों में ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *