Saturday , June 20 2026

कल शांति समझौते की उम्मीद, आज बातचीत ठप: लेबनान मुद्दे पर ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ी खटास

अमेरिका और ईरान के बीच फ्रांस में हुए अंतरिम शांति समझौते के बाद शुक्रवार से शुरू होने वाली अगली दौर की वार्ता फिलहाल टल गई है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को ईरानी प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के लिए स्विट्जरलैंड जाना था, लेकिन उनकी यात्रा अचानक रद्द कर दी गई।

ब्रिटिश अखबार द गार्डियन के मुताबिक, यात्रा रद्द करने का फैसला इतना अचानक लिया गया कि वेंस का स्टाफ और उनके साथ जाने वाले पत्रकार वॉशिंगटन के जॉइंट बेस एंड्रयूज तक पहुंच चुके थे। वहीं, कई अमेरिकी अधिकारी और विदेशी मीडिया प्रतिनिधि पहले से स्विट्जरलैंड में मौजूद थे।

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लेबनान को लेकर ईरान की कुछ मांगों पर मतभेद इस रद्दीकरण की बड़ी वजह हो सकते हैं। शांति समझौते में सभी मोर्चों पर संघर्ष समाप्त करने की बात शामिल है, लेकिन दक्षिणी लेबनान में इजराइल के लगातार जारी हमलों ने नई जटिलताएं पैदा कर दी हैं।

इस बीच अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए हुए अंतरिम समझौते पर हस्ताक्षर के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री गतिविधियां सामान्य होती दिखाई दे रही हैं। कई बड़े तेल टैंकर इस मार्ग से सुरक्षित रूप से गुजर चुके हैं, जिससे वैश्विक ऊर्जा बाजार को राहत मिली है।

उधर, इजराइल ने साफ कर दिया है कि वह फिलहाल दक्षिणी लेबनान से अपने सैनिक नहीं हटाएगा। इजराइली सेना ने नया तैनाती नक्शा जारी करते हुए कहा कि हिजबुल्लाह से खतरा पूरी तरह खत्म होने तक सैन्य मौजूदगी जारी रहेगी।

वहीं, लेबनान में इजराइली हमले भी जारी हैं। स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, हालिया हमलों में कई लोगों की मौत हुई है। दूसरी ओर, हिजबुल्लाह के हमले में चार इजराइली सैनिकों के मारे जाने की भी खबर है।

अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते के बावजूद क्षेत्र में तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। लेबनान, इजराइल और ईरान से जुड़े मुद्दों पर मतभेद आने वाले दिनों में दोनों देशों के बीच होने वाली वार्ता की दिशा तय करेंगे।

Check Also

वर्साय पैलेस में ऐतिहासिक डील, अमेरिका-ईरान संघर्ष समाप्त, ट्रम्प ने किया ऐलान

अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष को समाप्त करने के लिए अंतरिम शांति समझौते ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *