Wednesday , July 29 2026
People rescuing by swimming near a riverbank after boat capsized

वृंदावन में यमुना में नाव डूबी, 10 पर्यटकों की मौत,  7 एक ही परिवार के; सभी पंजाब के रहने वाले

मथुरा के वृंदावन में 37 श्रद्धालुओं से भरी प्राइवेट नाव (स्टीमर) यमुना नदी में पलट गई। हादसे में 10 की डूबने से मौत हो गई। इनमें मां-बेटे, चाचा-चाची और बुआ-फूफा समेत एक ही परिवार के 7 सदस्य शामिल थे। युवती समेत 5 लोग अभी भी लापता हैं। नाव में सवार सभी श्रद्धालु पंजाब से घूमने आए थे।

डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया, हादसा दोपहर करीब 3 बजे केसी घाट पर हुआ, जो श्रीबांके बिहारी मंदिर से करीब 2 किमी की दूरी पर है। आर्मी और NDRF रेस्क्यू में जुटी हैं। करीब 10 घंटे बाद नाव को बाहर निकाल लिया गया। जब तक लापता लोग मिल नहीं जाते, रेस्क्यू चलाया जाएगा।

जिस जगह हादसा हुआ, वहां करीब 25 फीट पानी है। शुरुआती जांच से पता चला है कि नाव की क्षमता 40 श्रद्धालुओं की थी। किसी श्रद्धालु को नाविक ने लाइफ जैकेट नहीं दी थी। पांटून पुल की रिपेयरिंग कर रहे लोगों और अन्य नाविकों ने कुछ लोगों ने बचा लिया था। बाद में प्रशासन की टीम पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया।

पुलिस ने आरोपी नाविक पप्पू निषाद को हादसे के 6 घंटे बाद हिरासत में लिया है। नाव उसकी खुद की थी। उसने श्रद्धालुओं को जुगल घाट से बैठाया था। हादसे के बाद वह फरार हो गया था।

नाव तट से करीब 50 फीट दूर यमुना नदी के बीच में थी। उस वक्त हवा करीब 40kmph स्पीड से चल रही थी। तेज हवा से नाव अचानक डगमगाने लगी। नाविक कंट्रोल खो बैठा। पर्यटकों ने नाविक से कहा, पुल आने वाला है, रोक लीजिए। लेकिन उसने नहीं रोका। 2 बार नाव टकराने से बची। तीसरी बार में टक्कर हो गई और नाव डूब गई।

हादसे से जुड़े 2 वीडियो सामने आए हैं। पहला– नाव डूबने से 15 मिनट पहले का है, जिसमें लोग राधे-राधे जप रहे हैं। दूसरा- श्रद्धालुओं के नदी में डूबने का है।

सभी श्रद्धालु शुक्रवार सुबह वृंदावन पहुंचे थे

गुरुवार (9 अप्रैल) को लुधियाना के जगराओं के श्री बांके बिहारी क्लब की तरफ से 2 बसों में 130 श्रद्धालुओं को ले जाया गया था। जिसमें से 90 जगराओं से और बाकी अन्य शहरों से थे। वृंदावन की 4 दिन की यात्रा थी।

Check Also

हर कदम पर सुरक्षा, हर रास्ते पर निगरानी: कांवड़ यात्रा के लिए ATS समेत 65 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

कांवड़ यात्रा 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तर ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *