उत्तराखंड के हल्द्वानी में भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत समेत प्रदेश सरकार के मंत्री और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। नितिन नवीन दोपहर तीन बजे बैठक में पहुंचे।
बैठक में पार्टी ने दो राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री कार्यकाल की उपलब्धियों पर चर्चा की गई। साथ ही हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले को लेकर कांग्रेस के रुख की आलोचना की गई। पार्टी ने विकास, विरासत और संरक्षण के मुद्दों के साथ चुनाव मैदान में उतरने का संकल्प जताया।
2027 चुनाव को लेकर अहम बैठक
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी संगठन की जमीनी स्थिति, बूथ प्रबंधन और मंत्रियों-विधायकों के कामकाज पर फीडबैक ले रही है। जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और मोर्चा पदाधिकारियों से भी रिपोर्ट ली जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी की बूथ स्तर तक रणनीति तैयार है और 2027 में पूरी ताकत से चुनाव लड़ा जाएगा। वहीं राष्ट्रीय मीडिया संयोजक अनिल बलूनी ने उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार जीत का दावा किया।
धामी बोले- विकास के रिपोर्ट कार्ड के साथ जाएंगे
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आत्ममंथन का माध्यम है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भाजपा विकास का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएगी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण और बांटने की राजनीति का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की सेवा की ताकत मिलती है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi