Saturday , November 21 2026

सरकारी नौकरी: रेलवे में 9,200 से ज्यादा पदों पर भर्ती, अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थी भर सकते हैं फॉर्म

रेलवे में सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नवंबर 2026 में भर्ती के कई अवसर हैं। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB), नॉर्दर्न रेलवे, सेंट्रल रेलवे और रेल मंत्रालय के अधीन राइट्स लिमिटेड की पांच अलग-अलग भर्तियों के लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है। इनके जरिए कुल 9,249 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

इन भर्तियों में स्टेशन मास्टर, अप्रेंटिस और आइसोलेटेड कैटेगरी के पद शामिल हैं। शैक्षणिक योग्यता के अनुसार 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक से लेकर उच्च शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। अलग-अलग भर्तियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथियां 25 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 के बीच निर्धारित की गई हैं।

1. RRB आइसोलेटेड कैटेगरी भर्ती 2026

रेलवे भर्ती बोर्ड ने CEN 09/2026 के तहत आइसोलेटेड कैटेगरी के 190 से अधिक पदों पर भर्ती निकाली है। इसमें चीफ लॉ असिस्टेंट, पब्लिक प्रॉसिक्यूटर, जूनियर ट्रांसलेटर, स्टाफ एंड वेलफेयर इंस्पेक्टर और लैब असिस्टेंट समेत सात तरह के पद शामिल हैं।

इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को 12वीं पास से लेकर संबंधित विषय में स्नातकोत्तर डिग्री, कानून की डिग्री और निर्धारित अनुभव की आवश्यकता हो सकती है।

आयुसीमा पद के अनुसार 18 से 30, 32, 33, 35 या 40 वर्ष तक है। चयनित उम्मीदवारों को शुरुआती मूल वेतन 19,900 रुपये से 44,900 रुपये प्रतिमाह तक मिलेगा। आवेदन की अंतिम तिथि 4 दिसंबर 2026 रात 11:59 बजे है। शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 6 दिसंबर 2026 निर्धारित है।

2. RRB स्टेशन मास्टर भर्ती 2026

रेलवे भर्ती बोर्ड ने CEN 08/2026 के तहत स्टेशन मास्टर के 1,265 पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 1 जनवरी 2027 को 20 से 33 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयुसीमा में छूट मिलेगी। चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-6 के तहत 35,400 रुपये शुरुआती मूल वेतन दिया जाएगा।

ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 25 नवंबर 2026 है, जबकि परीक्षा शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 27 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।

3. नॉर्दर्न रेलवे अप्रेंटिस भर्ती 2026

नॉर्दर्न रेलवे में अप्रेंटिस के 4,651 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का 10वीं कक्षा में कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ पास होना जरूरी है। इसके अलावा संबंधित ट्रेड में NCVT या SCVT से मान्य आईटीआई प्रमाणपत्र होना चाहिए।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 11 दिसंबर 2026 को 15 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयुसीमा में छूट दी जाएगी।

चयनित अभ्यर्थियों को अप्रेंटिसशिप के लागू नियमों के अनुसार स्टाइपेंड दिया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 11 दिसंबर 2026 रात 11:59 बजे निर्धारित की गई है।

4. राइट्स अप्रेंटिस भर्ती 2026

रेल मंत्रालय के अधीन राइट्स लिमिटेड ने अप्रेंटिस के कुल 281 पदों पर भर्ती निकाली है। इनमें 125 इंजीनियरिंग ग्रेजुएट, 43 नॉन-इंजीनियरिंग ग्रेजुएट, 62 डिप्लोमा और 51 आईटीआई पद शामिल हैं।

इन पदों के लिए योग्यता के अनुसार BE, BTech, BArch, BA, BBA, BCom, BSc, BCA, इंजीनियरिंग डिप्लोमा या आईटीआई पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।

इस भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। अधिकतम आयुसीमा का उल्लेख विज्ञापन में नहीं किया गया है। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 10,560 रुपये से 15,650 रुपये प्रतिमाह तक स्टाइपेंड दिया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 25 नवंबर 2026 है।

5. सेंट्रल रेलवे अप्रेंटिस भर्ती 2026

सेंट्रल रेलवे ने अप्रेंटिस के 2,861 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसके लिए उम्मीदवार का 10वीं कक्षा में कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ पास होना जरूरी है। साथ ही संबंधित ट्रेड में NCVT या SCVT से मान्यता प्राप्त आईटीआई प्रमाणपत्र होना चाहिए।

आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु 3 नवंबर 2026 को 15 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयुसीमा में छूट मिलेगी।

इस भर्ती के तहत अप्रेंटिसशिप की अवधि एक वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों को 9,600 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा। आवेदन की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026 शाम पांच बजे तक है।

अभ्यर्थी आवेदन से पहले जरूर जांच लें ये बातें

रेलवे की इन पांचों भर्तियों में पदों की संख्या, शैक्षणिक योग्यता, आयुसीमा और चयन प्रक्रिया अलग-अलग है। ऐसे में उम्मीदवार आवेदन करने से पहले संबंधित भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ लें। आवेदन करते समय शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आईटीआई या डिप्लोमा प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज तैयार रखें।

उम्मीदवारों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि हर भर्ती की अंतिम तिथि अलग है। इसलिए अपनी योग्यता के अनुसार संबंधित भर्ती के लिए निर्धारित समयसीमा के भीतर ही ऑनलाइन आवेदन पूरा करें।

Check Also

हिमाचल प्रदेश में पटवारी भर्ती परीक्षा का शेड्यूल जारी, एचपीआरसीए ने अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड किए उपलब्ध

हिमाचल प्रदेश में पटवारी भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम खबर ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *