उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ सीटों के बंटवारे पर बातचीत के लिए कांग्रेस ने पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है। इस समिति में प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, इमरान मसूद और मोना तिवारी को शामिल किया गया है। समिति सपा के साथ गठबंधन में कांग्रेस के हिस्से में आने वाली सीटों को लेकर चर्चा करेगी।
खरगे के आवास पर हुई अहम बैठक
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर सोमवार को हुई बैठक में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति और सीटों के बंटवारे पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह सपा से उन्हीं विधानसभा सीटों की मांग करेगी, जहां पिछले चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर रहा था।
बैठक के बाद खरगे ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव राज्य की जनता को एक मजबूत विकल्प देने का अवसर होगा। कांग्रेस इंडिया गठबंधन के अन्य दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी और गठबंधन की जिम्मेदारी निभाएगी।
सपा को 181 सीटों की सूची सौंप चुकी है कांग्रेस
सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 181 संभावित विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है। इन सीटों पर दोनों दलों के बीच बातचीत होनी है। वहीं, सपा की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सीटों का चयन उम्मीदवारों की व्यक्तिगत पसंद के बजाय उनकी जीतने की क्षमता के आधार पर किया जाएगा।
खरगे बोले- बदलाव चाहती है जनता
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश की राजनीति को नई दिशा देंगे। उनके मुताबिक, प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। कांग्रेस सामाजिक न्याय, सभी को समान अवसर देने और वंचित वर्गों के अधिकार मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
अब पांच सदस्यीय समिति की जिम्मेदारी सपा के साथ सीटों को लेकर बातचीत आगे बढ़ाने और कांग्रेस की चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने की होगी।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi