Tuesday , October 20 2026
Breaking News

लखनऊ पुलिस का सर्च ऑपरेशन तेज: श्रद्धा की तलाश में चार टीमें नेपाल सीमा पर तैनात, लोकेशन मिलने के बाद जांच तेज

लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे की तलाश तेज हो गई है। जांच एजेंसियों को श्रद्धा की लोकेशन नेपाल के दांग जिले के भालुवांग इलाके में मिलने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा अपनी बहन रश्मि और दो अन्य युवकों के साथ नेपाल पहुंची थी। हालांकि, भालुवांग के बाद उसके और साथियों के अगले ठिकाने का पता नहीं चल सका है।

श्रद्धा की तलाश में लखनऊ पुलिस की चार टीमें भारत-नेपाल सीमा के पास बहराइच के रुपईडीहा क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं। टीमें नेपाली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के संपर्क में रहकर संभावित ठिकानों और आवाजाही के रास्तों की जानकारी जुटा रही हैं।

10 अक्टूबर को रुपईडीहा के रास्ते नेपाल पहुंचने की जानकारी

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, लखनऊ के विपुलखंड निवासी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और दो अन्य साथी 10 अक्टूबर को श्रद्धा की एसयूवी से रुपईडीहा पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि सीमा के पास एसयूवी खड़ी करने के बाद चारों रिक्शे से नेपाल में दाखिल हुए।

इसके बाद उनके नेपाल के बांके जिले के नेपालगंज पहुंचने और वहां एक होटल में रात बिताने की जानकारी मिली। अगले दिन उन्होंने आगे की यात्रा शुरू की। जांच एजेंसियों को बृहस्पतिवार को नेपाल के दांग जिले के भालुवांग इलाके में उनकी लोकेशन मिलने का सुराग मिला।

भालुवांग के बाद कहां गए श्रद्धा और उसके साथी?

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि भालुवांग के बाद श्रद्धा और उसके साथी किस दिशा में गए। इस क्षेत्र से आगे बुटवल और नारायणगढ़ होते हुए काठमांडू जाने का मार्ग है। वहीं, बुटवल और नारायणगढ़ से पोखरा जाने के रास्ते भी निकलते हैं।

जांच एजेंसियां इन संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए उनकी गतिविधियों की पड़ताल कर रही हैं। हालांकि, फिलहाल यह पुष्टि नहीं हुई है कि श्रद्धा और उसके साथी इनमें से किसी शहर की ओर गए हैं या किसी अन्य स्थान पर छिपे हुए हैं।

भारतीय मोबाइल नंबर बंद, नेपाली सिम से संपर्क की आशंका

सूत्रों के मुताबिक, नेपाल पहुंचने के बाद श्रद्धा और उसके साथियों के भारतीय मोबाइल नंबर बंद हो गए। नेपाली सिम कार्ड के जरिए संपर्क किए जाने की जानकारी के आधार पर उनकी लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियां नेपाली पुलिस के साथ समन्वय कर संभावित ठिकानों, यात्रा मार्गों और अन्य सुरागों की जांच कर रही हैं। हालांकि, श्रद्धा की मौजूदा लोकेशन की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

11 महीने पहले भी बहराइच आई थी श्रद्धा की एसयूवी

जांच एजेंसियां श्रद्धा की काले रंग की एसयूवी के पुराने यात्रा रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही हैं। जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, श्रद्धा ने यह एसयूवी 26 मई 2025 को खरीदी थी और 29 मई को वाहन का पंजीकरण नंबर यूपी 32 क्यूक्यू 0111 आवंटित हुआ था।

रिकॉर्ड के मुताबिक, 18 अक्टूबर 2025 को यह वाहन बहराइच आया था। बताया गया कि नानपारा के पास चीनी मिल के निकट स्थित टोल प्लाजा पर वाहन का टोल टैक्स कटा था। नानपारा से रुपईडीहा होते हुए नेपालगंज जाने का रास्ता है। ऐसे में जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि उस समय वाहन नेपाल सीमा तक गया था या नहीं।

स्थानीय पुलिस कर रही लखनऊ पुलिस की मदद

शिवा शर्मा हत्याकांड में श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और दो अन्य साथियों की तलाश के लिए लखनऊ पुलिस की चार टीमें सीमा क्षेत्र में सक्रिय हैं। बहराइच के अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि स्थानीय पुलिस लखनऊ पुलिस की टीमों का सहयोग कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

फिलहाल जांच एजेंसियों की प्राथमिकता श्रद्धा और उसके साथियों के अगले ठिकाने का पता लगाना तथा नेपाली पुलिस के सहयोग से उनकी तलाश आगे बढ़ाना है।

Check Also

मुफ्त सफर से रोडवेज पर बढ़ा आर्थिक बोझ, यूपी में 44 करोड़ का अधिभार; माननीयों की यात्रा का खर्च भी सामने आया

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपी रोडवेज) की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *