Tuesday , November 3 2026
Breaking News

यूपी की सियासत में मायावती का बड़ा बयान, बोलीं- मैं स्वस्थ हूं; आकाश आनंद पर कही ये बात

बसपा सुप्रीमो मायावती ने रविवार को अपने स्वास्थ्य को लेकर चल रही चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने कहा कि उनके अस्वस्थ होने को लेकर फैलाई जा रही बातें पूरी तरह निराधार और अफवाह हैं।

मायावती ने बसपा कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव की तैयारियों में पूरी तरह जुट जाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने आकाश आनंद को लेकर भी बड़ा बयान दिया। मायावती ने कहा कि आकाश आनंद अभी भी अपने ससुर के कहे पर चल रहे हैं और अपने दिमाग से काम नहीं कर रहे हैं।

मायावती ने बताया कि शनिवार को उनके निवास पर पार्टी इंचार्ज आलोक कुमार के फोन पर आकाश आनंद की कॉल आई थी। आकाश आनंद ने पूछा था कि क्या बहन जी अस्वस्थ हैं। इस पर आलोक कुमार ने उन्हें बताया कि मायावती पूरी तरह स्वस्थ हैं और अपने काम में लगी हुई हैं।

मायावती के अनुसार, बातचीत के दौरान आकाश आनंद ने आलोक कुमार से कहा कि इस कॉल के बारे में उन्हें न बताया जाए। मायावती ने कहा कि इस फोन कॉल की मंशा अच्छी भी हो सकती है और गलत भी। इसी वजह से उन्हें पार्टी कार्यकर्ताओं को सही जानकारी देने के लिए सामने आना पड़ा।

आकाश आनंद को पार्टी से किया जा चुका है निष्कासित

उल्लेखनीय है कि मायावती ने आकाश आनंद को बसपा के राष्ट्रीय संयोजक पद से हटाने के बाद पार्टी से निष्कासित कर दिया है। वहीं, मायावती के दबाव के बाद आकाश आनंद के ससुर और पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ ने राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की थी।

शनिवार को जारी बयान में कहा गया था कि अब आकाश आनंद की जगह मायावती की भतीजी दीपिका आनंद बसपा के मिशन को आगे बढ़ाएंगी। यदि दीपिका इसके लिए तैयार नहीं होती हैं तो दलित समाज के किसी कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी दी जाएगी।

ब्रिक्स घोषणा पत्र का किया स्वागत

मायावती ने दिल्ली में चल रहे ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान जारी किए गए घोषणा पत्र का भी स्वागत किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन और आगामी चुनावों को लेकर सक्रिय रहने का आह्वान किया।

Check Also

दिवाली पर अयोध्या जाने से पहले जान लें ये जरूरी बातें: होटल का किराया, यात्रा का खर्च और रामलला के दर्शन की पूरी तैयारी

दिवाली के मौके पर भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में रामलला के दर्शन करने की ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *