दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर 16 नवंबर से फास्ट ट्रेनें शुरू होने जा रही हैं। इन ट्रेनों के शुरू होने से दिल्ली से मेरठ तक का सफर पहले के मुकाबले कम समय में पूरा होगा। सुबह और शाम के व्यस्त समय में दोनों दिशाओं में आठ अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनका ठहराव केवल पांच प्रमुख स्टेशनों पर होगा।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के मुताबिक, आनंद विहार से मेरठ के बेगमपुल स्टेशन तक का सफर महज 36 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। वहीं, आनंद विहार से गाजियाबाद पहुंचने में आठ मिनट और गाजियाबाद से बेगमपुल तक पहुंचने में 28 मिनट लगेंगे।
सुबह और शाम चलेंगी आठ अतिरिक्त ट्रेनें
एनसीआरटीसी के अनुसार, यात्रियों की बढ़ती संख्या और व्यस्त समय में सफर को तेज बनाने के लिए यह व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत प्रतिदिन दोनों दिशाओं में कुल आठ अतिरिक्त फास्ट ट्रेनें चलाई जाएंगी।
सुबह सराय काले खां से मोदीपुरम और मोदीपुरम से सराय काले खां के लिए दो-दो ट्रेनें सुबह आठ और साढ़े आठ बजे रवाना होंगी। इसी तरह शाम को दोनों दिशाओं में दो-दो ट्रेनें छह और साढ़े छह बजे संचालित की जाएंगी।
इन पांच स्टेशनों पर ही रुकेगी फास्ट ट्रेन
फास्ट नमो भारत ट्रेनों का ठहराव कॉरिडोर के केवल पांच प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। इनमें शामिल हैं:
- सराय काले खां
- आनंद विहार
- गाजियाबाद
- बेगमपुल
- मोदीपुरम
सीमित स्टेशनों पर ठहराव होने से यात्रियों का समय बचेगा। इसका सबसे ज्यादा फायदा दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों को मिलने की उम्मीद है।
नियमित नमो भारत सेवाएं भी रहेंगी जारी
एनसीआरटीसी ने स्पष्ट किया है कि फास्ट ट्रेनों के संचालन से नियमित नमो भारत सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। पहले की तरह नियमित ट्रेनें हर 10 मिनट में उपलब्ध रहेंगी। फास्ट ट्रेनें इनके अतिरिक्त चलाई जाएंगी।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि ट्रेन में सवार होने से पहले स्टेशन पर लगे सूचना बोर्ड और प्लेटफॉर्म पर होने वाली घोषणाओं पर ध्यान दें, ताकि वे नियमित और फास्ट ट्रेनों के बीच अंतर समझ सकें।
रोजाना 1.1 लाख यात्री कर रहे सफर
दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 1.1 लाख यात्री इस सेवा का इस्तेमाल कर रहे हैं। कॉरिडोर पर कुल यात्री यात्राओं का आंकड़ा पांच करोड़ के पार पहुंच चुका है। पिछले तीन महीनों में हर महीने औसतन 32 लाख से अधिक यात्री यात्राएं दर्ज की गई हैं।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi