Friday , November 20 2026

निकाह के बाद दूल्हे को कांपता देख घबराई दुल्हन, ससुराल जाने से किया इनकार; जानें पूरा मामला

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के मीरानपुर कटरा में निकाह के बाद एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने दोनों पक्षों को हैरान कर दिया। निकाह की रस्म पूरी होने के बाद दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसका शरीर बुरी तरह कांपने लगा। आनन-फानन में डॉक्टर को बुलाया गया। जांच के बाद डॉक्टर ने दूल्हे की हालत की वजह नशीले पदार्थों का नियमित सेवन बताया। यह जानकारी मिलने के बाद दुल्हन ने दूल्हे के साथ ससुराल जाने से इनकार कर दिया। देर रात तक चली पंचायत के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और बरात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।

निकाह के बाद बिगड़ी दूल्हे की तबीयत

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को मीरानपुर कटरा के खुदागंज मार्ग स्थित एक मैरिज हॉल में निकाह का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। बरात उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा से आई थी। दुल्हन पक्ष ने बरातियों का गुलाब के फूलों से स्वागत किया। इसके बाद दूल्हे और बरातियों को खाना खिलाया गया।

मोहल्ले की मस्जिद के इमाम काजी ने निकाह की रस्म पूरी कराई। निकाह के बाद दूल्हे के पिता ने खुशी में छुहारे भी बांटे। इसी दौरान अचानक दूल्हे की तबीयत बिगड़ गई और वह कांपने लगा। उसकी हालत देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए।

डॉक्टर ने बताई तबीयत बिगड़ने की वजह

दूल्हे की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने आनन-फानन में एक निजी डॉक्टर को बुलाया। डॉक्टर ने बताया कि दूल्हा नशीले पदार्थों का सेवन करता है और नियमित खुराक नहीं मिलने के कारण उसकी हालत बिगड़ी है। इसके बाद दूल्हे को इंजेक्शन दिया गया, जिससे उसकी हालत सामान्य हो गई।

हालांकि, डॉक्टर की बात सुनने के बाद दुल्हन और उसके परिजन हैरान रह गए। दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद शादी समारोह में विवाद की स्थिति पैदा हो गई और दोनों पक्षों के बीच बातचीत शुरू हुई।

देर रात पंचायत के बाद हुआ समझौता

मामले को बढ़ता देख नगर के गणमान्य लोगों ने दोनों पक्षों के बीच पंचायत कराई। देर रात तक बातचीत चलती रही। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। समझौते के तहत शादी से एक दिन पहले दुल्हन पक्ष की ओर से दिया गया दहेज का सामान वापस मंगवाकर उन्हें सौंप दिया गया।

इसके बाद दूल्हा बिना दुल्हन के ही बरात लेकर वापस लौट गया। इस मामले में तिलहर के सीओ विदुष सक्सेना ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

गोरखपुर हादसा: अखिलेश यादव ने जांच की मांग की, बोले- बिना सबूत आरोप लगाना उचित नहीं, सच सामने आना चाहिए

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गोरखपुर में अपने रोड ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *