हरकी पैड़ी क्षेत्र में महिलाओं की निजता से जुड़ा मामला सामने आने के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। आरोप है कि कपड़े बदल रही महिलाओं को एक व्यक्ति झांक रहा था और उनका वीडियो बनाने की कोशिश कर रहा था। महिलाओं के शोर मचाने पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सोमवार देर रात हरकी पैड़ी के पास स्थित वस्त्र परिवर्तन कक्ष के निकट हुई। महिलाओं ने जब आरोपी को कथित रूप से झांकते देखा तो शोर मचा दिया। इसके बाद यात्रियों और स्थानीय कारोबारियों ने उसे पकड़ लिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना के बाद स्थानीय कारोबारियों और श्रद्धालुओं ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि हरकी पैड़ी जैसे संवेदनशील और धार्मिक स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त को और मजबूत किया जाना चाहिए।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हरकी पैड़ी और आसपास का क्षेत्र नशेड़ियों और भिखारियों का अड्डा बनता जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और धार्मिक स्थल की छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं। लोगों का कहना है कि सूचना मिलने के बावजूद पुलिस देर से मौके पर पहुंची, जिसके चलते आरोपी फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi