रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण की लोकप्रिय फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ एक बार फिर चर्चा में है। ऑस्कर अवॉर्ड देने वाली संस्था ‘द एकेडमी’ ने फिल्म का एक खास सीन अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर शेयर किया है। इस क्लिप में दीपिका पादुकोण और रणबीर कपूर नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद फिल्म के फैंस ने सोशल मीडिया पर जमकर प्रतिक्रिया दी।
द एकेडमी ने शेयर किया फिल्म का खास सीन
द एकेडमी ने ‘ये जवानी है दीवानी’ के उस सीन की क्लिप साझा की, जिसमें रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण सनसेट पॉइंट पर बैठे दिखाई देते हैं। दोनों के बीच जिंदगी और मौजूदा पल को लेकर बातचीत होती है।
सीन में रणबीर का किरदार बनी से पूछता है कि अगर बाद में पता चला कि लाइट और डांस शो बहुत अच्छा था तो क्या होगा। इसके जवाब में नैना कहती है कि शो अच्छा तो होगा, लेकिन वहां जाने पर यह खूबसूरत सनसेट मिस हो जाएगा।
नैना आगे जिंदगी को लेकर एक अहम बात कहती है कि कोशिश करने के बावजूद जिंदगी में कुछ न कुछ छूटता ही रहेगा। इसलिए जहां हैं, वहीं के पल का आनंद लेना चाहिए।
द एकेडमी ने दिया खास कैप्शन
वीडियो शेयर करते हुए द एकेडमी ने नैना के किरदार को ध्यान में रखते हुए लिखा कि जहां हैं, उसका आनंद लेने की याद दिला दें। पोस्ट में फिल्म के निर्देशक अयान मुखर्जी और लेखक हुसैन दलाल व अयान मुखर्जी का भी जिक्र किया गया।
पोस्ट में फिल्म की स्टारकास्ट के तौर पर रणबीर कपूर, दीपिका पादुकोण, आदित्य रॉय कपूर, कल्कि कोचलिन, कुणाल रॉय कपूर और फारूक शेख के नाम भी शामिल किए गए।
सोशल मीडिया पर फैंस ने लुटाया प्यार
द एकेडमी की इस पोस्ट के बाद ‘ये जवानी है दीवानी’ के फैंस ने कमेंट सेक्शन में अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। कई यूजर्स ने दीपिका पादुकोण के किरदार नैना की तारीफ की।
एक यूजर ने लिखा कि जिस तरह फैंस दीपिका से प्यार करते हैं, उसी तरह द एकेडमी भी उनसे प्यार करती है। एक अन्य यूजर ने कहा कि यह फिल्म हमेशा उसके दिल के करीब रहेगी।
एक और यूजर ने लिखा कि नैना और अदिति फिल्म की असली जान हैं और नैना का नाम लेने के लिए द एकेडमी को धन्यवाद।
2013 में रिलीज हुई थी फिल्म
‘ये जवानी है दीवानी’ 31 मई 2013 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण के अलावा आदित्य रॉय कपूर और कल्कि कोचलिन भी प्रमुख भूमिकाओं में थे।
फिल्म की कहानी दोस्ती, प्यार, सपनों और जिंदगी के सफर के इर्द-गिर्द घूमती है। करीब 45 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 326 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
दोबारा रिलीज होने पर भी फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला और इसने करीब 26 करोड़ रुपये की कमाई की।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi