गोरखपुर में CM योगी ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका-इजराइल और ईरान में युद्ध चल रहा है। यह लंबा खिंचा तो हर व्यक्ति पर असर पड़ेगा। हमें घबराना नहीं है। अफवाहों पर ध्यान नहीं देना है। चुनौती आती है तो सबको सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना होगा। यही सच्ची राष्ट्रभक्ति होती है।
योगी ने सांसद रविकिशन की चुटकी ली। कहा- युद्ध न हो रहा होता तो हो सकता है रविकिशन दुबई में होते। लेकिन, वहां हालात ठीक नहीं है तो उन्होंने सोचा कि चलो मैं भी सहजनवा चलता हूं।
सीएम ने सहजनवा में 3.5 एकड़ में बने आईटी पार्क का लोकार्पण किया। कहा- रविकिशन को विश्वास नहीं हो रहा था। कह रहे थे कि गोरखपुर के विकास में 5000 करोड़ रुपए तो लग गए होंगे। मैंने कहा- नहीं, आप गलत बोल रहे हैं। सिर्फ गोरखपुर में पिछले 9-10 साल में एक लाख करोड़ से ज्यादा पैसे लगे हैं।
सीएम ने गैस सिलेंडर के लिए लग रहीं लाइनों को लेकर कहा- देश के हित में अगर सरकार ने कोई कदम उठाया है, तो हमें उसके लिए खुद को तैयार करना होगा। कोई भी रसोई गैस का सिलेंडर बिना खत्म हुए न लेने जाएं। जैसे पहले सिलेंडर घर तक पहुंचता था, वैसे अब भी पहुंचाएंगे। लाइन लगाने की जरूरत नहीं है।
योगी ने कहा कि इन नौ सालों में नवनिर्माण की नई प्रगति को दुनिया के सामने रखा है। लगभग 350 से अधिक उद्योग GIDA में लगे हैं। 15 हजार करोड़ से अधिक निवेश हुआ। 50 हजार से अधिक युवाओं के रोजगार की संभावना विकसित हुई। गीडा में फ्लैटेड फैक्ट्री में रेडीमेड गारमेंट उद्यमियों को सुविधा मिलेगी। यहां प्लास्टिक पार्क भी विकसित हो रहा है।
योगी ने कहा कि भविष्य की एनर्जी के लिए हमें किसी देश पर निर्भर न रहना पड़े। इसके लिए ग्रीन हाइड्रोजन एनर्जी उसका माध्यम बनने वाली है। उसी के लिए हमने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए पैसा उपलब्ध कराया है। इस तकनीकी को लाने के लिए हम जापान भी गए थे। जापान काफी एडवांस स्टेज में है। इस तकनीकी के मामले में। तकनीकी को आने में थोड़ा समय लगता है। इनोवेशन को रिसर्च व डेवलपमेंट में बदलने में समय लगता है। युवाओं के विचारों को सरकार प्लेटफार्म दे रही है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi