Monday , September 14 2026

बृजभूषण के बरी होने पर फिर गरमाई सियासत, विनेश फोगाट बोलीं- न्याय की लड़ाई जारी रहेगी

महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न मामले में पूर्व भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) अध्यक्ष और पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बरी किए जाने के बाद पहलवान विनेश फोगाट ने फैसले पर निराशा जताई है। उन्होंने कहा कि महिला पहलवान इस फैसले को उच्च अदालत में चुनौती देंगी और न्याय की लड़ाई जारी रखेंगी।

विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए आरोप लगाया कि शुरुआत से ही पूरा सिस्टम, प्रशासन और सरकार बृजभूषण शरण सिंह को बचाने में जुटे थे। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद महिला पहलवानों ने हार नहीं मानी और अब अदालत के फैसले के खिलाफ अपील की जाएगी।

उन्होंने बताया कि पहलवानों ने अपने वकीलों को जल्द से जल्द उच्च अदालत में अपील दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर भरोसा है और वे कानूनी लड़ाई आगे भी जारी रखेंगी।

गौरतलब है कि अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अश्विनी पंवार की अदालत ने बृजभूषण शरण सिंह और सह-आरोपी विनोद तोमर को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया। यह मामला 2023 में महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों से जुड़ा था। इसी मामले को लेकर विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया समेत कई पहलवानों ने जंतर-मंतर पर लंबा धरना भी दिया था।

वहीं, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की बातें करने वालों को ऐसे मामलों में संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। दूसरी ओर, बृजभूषण शरण सिंह ने अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें “सम्मान के साथ बरी” किया गया है और यह सच की जीत है।

Check Also

उत्तराखंड की राजनीति में फिर हलचल: हरीश रावत के अगले कदम से तय होगी नई सियासी दिशा

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत एक बार फिर अपने ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *