बसपा सुप्रीमो मायावती एक बार फिर लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन करेंगी। 14 अप्रैल को बाबा साहेब की जयंती पर प्रदेशभर से बसपा कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। यह कार्यक्रम पिछले साल 9 अक्टूबर को कांशीराम के परिनिर्वाण पर आयोजित रैली की तरह होगा, जिसमें 4-5 लाख की भीड़ जुटने का अनुमान है।
मंगलवार को बसपा सुप्रीमो ने लखनऊ में पार्टी कार्यालय में 250 नेताओं के साथ डेढ़ घंटे तक बैठक की। उन्होंने जिलाध्यक्षों और मंडल कोऑर्डिनेटरों को विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता बीएसपी को काफी उम्मीद भरी नजरों से देख रही है, इसलिए निष्ठा, लगन और मेहनत की जरूरत है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मायावती ने कहा- यूपी में रोटी-रोजी की पहले से जटिल समस्या अब और भी विकट होती जा रही है। सरकारें ज्यादातर मामलों में अब भी जुमलेबाजी और वादों के जरिए लोगों की भूख-प्यास मिटाने की कोशिश कर रही हैं, जो दुखद है। पार्टी में आपराधिक तत्वों को किसी भी हालत में जगह न दी जाए।
मुट्ठी भर सत्ताधारियों तक विकास सीमित रहेगा तो जनता का भला कैसे होगा
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि देश क्या सिर्फ प्राइवेट सेक्टर पर ज्यादा निर्भर होकर आत्मनिर्भर बन सकता है? उन्होंने सवाल उठाया कि अगर विकास का फायदा कुछ मुट्ठी भर सत्ताधारी लोगों तक सीमित रहेगा तो आम जनता का भला कैसे होगा।
जंग से रोजमर्रा की चीजों के दाम बढ़े, सरकार ठोस कदम उठाए
अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध का जिक्र करते हुए मायावती ने कहा कि इसकी वजह से रसोई गैस, पेट्रोल और दूसरे पेट्रोलियम उत्पाद महंगे हो गए हैं। इससे रोजमर्रा की चीजों के दाम बढ़े हैं। सबसे ज्यादा असर गरीब और मेहनतकश लोगों पर पड़ा है। उनकी परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।
सरकार को समय रहते ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि देश को नोटबंदी या कोरोना महामारी जैसी स्थिति का फिर से सामना न करना पड़े। आत्मनिर्भरता को सिर्फ नारा नहीं, बल्कि जमीन पर सच बनाना जरूरी है।
केंद्र कमजोर वर्गों की महिलाओं को अलग से आरक्षण देने पर विचार करे
महिला आरक्षण को लेकर मायावती ने कहा कि अगर कमजोर वर्गों की महिलाओं को अलग से आरक्षण नहीं मिलेगा, तो उनका सही विकास कैसे होगा। इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi