लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों की झमाझम बारिश के बाद अब मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कमजोर रहेंगी। फिलहाल पूर्वी तराई के जिलों में ही बारिश का असर अधिक रहेगा। इसे देखते हुए रविवार के लिए 13 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब कमजोर होकर लो-प्रेशर क्षेत्र में बदल गया है। इसके प्रभाव से अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश की तीव्रता कम रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार से पांच दिनों तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्यांचल में बारिश का सिलसिला अपेक्षाकृत कमजोर रहेगा। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
बीते 24 घंटों के दौरान बाराबंकी में सबसे अधिक 160 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सहारनपुर में 99 मिमी, बरेली में 87 मिमी और बहराइच में 72.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल पूर्वी तराई के जिलों में बारिश जारी रहेगी, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में कुछ दिनों तक मानसून कमजोर बना रह सकता है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi