मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सिद्धार्थनगर में सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का युवा अब ‘जॉब सीकर’ के बजाय ‘जॉब क्रिएटर’ बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डुमरियागंज और बांसी विधानसभा क्षेत्र में 311 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 107 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बदलती अर्थव्यवस्था और उद्योगों की जरूरतों के मुताबिक युवाओं को तैयार करने के लिए कौशल विकास पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा और मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश में मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, आईआईएम और मेडिकल सीटों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। इससे युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के नए रास्ते खुले हैं।
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत सुविधाएं दे रही है। यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट और जेईई जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए वर्चुअल और फिजिकल कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि आईटीआई और पॉलीटेक्निक संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस समेत नई तकनीकों की ट्रेनिंग दी जा रही है। स्नातक स्तर पर पढ़ने वाले युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
सपा-कांग्रेस पर लगाया युवाओं को पीछे रखने का आरोप
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दलों की सरकारों ने उत्तर प्रदेश को पीछे ले जाने का काम किया। उन्होंने दावा किया कि 2017 से पहले प्रदेश का युवा दूसरे राज्यों में अपनी पहचान बताने से बचता था।
योगी ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश में माफिया का प्रभाव था और जमीनों पर कब्जे के लिए लैंड माफिया सक्रिय थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के बाद कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है और प्रदेश में विकास के साथ रोजगार के अवसर बढ़े हैं।
जाति और क्षेत्र के नाम पर राजनीति का आरोप
सीएम योगी ने सपा-कांग्रेस पर जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने युवाओं से देश के स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारियों के योगदान को जानने और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने की अपील की।
यूपी में मेडिकल शिक्षा के विस्तार का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए ‘एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज’ की दिशा में काम किया गया है। उन्होंने सिद्धार्थनगर समेत पूर्वांचल के कई जिलों में मेडिकल सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख किया।
योगी ने कांवड़ यात्रा का भी जिक्र किया और कहा कि भाजपा सरकार में शिवभक्तों की यात्रा को सुरक्षा दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में आस्था, सुरक्षा और विकास साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi