इस्राइल रक्षा बल (आईडीएफ) ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को ईरान पर संभावित सैन्य हमले के गंभीर परिणामों को लेकर चेतावनी दी है। सेना का आकलन है कि ईरान पर हमला होने की स्थिति में संघर्ष केवल दो देशों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लेबनान, सीरिया और गाजा समेत कई मोर्चों पर युद्ध भड़क सकता है।
‘द टाइम्स ऑफ इस्राइल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, टेलीविजन नेटवर्क चैनल 12 की रिपोर्ट के हवाले से बताया गया है कि पिछले सप्ताह नेतन्याहू और वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों के बीच बंद कमरे में हुई बैठक में संभावित सैन्य कार्रवाई के परिणामों पर चर्चा हुई थी। इस्राइल फिलहाल ईरान के खिलाफ सैन्य विकल्पों पर गंभीरता से विचार कर रहा है।
आईडीएफ ने क्या चेतावनी दी?
इस्राइली सैन्य खुफिया विभाग ने चेताया है कि ईरान पर हमला होने की स्थिति में लेबनान, सीरिया और गाजा समेत कई मोर्चों पर संघर्ष शुरू हो सकता है। सेना का यह आकलन नेतन्याहू और इस्राइली खुफिया एजेंसी मोसाद के उस अनुमान से अलग है, जिसमें संभावित अभियान को तीन से पांच दिनों तक सीमित रहने की बात कही गई थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, विपक्षी नेता एविग्डोर लिबरमैन ने भी हाल ही में संकेत दिया था कि नेतन्याहू अमेरिकी मंजूरी के बिना ईरान पर एकतरफा हमला कर सकते हैं। लिबरमैन ने पिछले सप्ताह कहा था कि मौजूदा परिस्थितियों में इस्राइल का हमला उचित नहीं होगा और यह पूरी तरह राजनीतिक कारणों से प्रेरित हो सकता है।
आईडीएफ ने बंद कमरे में हुई बैठकों के दौरान चर्चा किए गए विषयों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।
नेतन्याहू ने ट्रंप से क्या आग्रह किया?
प्रसारक कान की रिपोर्ट में एक अज्ञात सूत्र के हवाले से दावा किया गया है कि नेतन्याहू अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ईरान पर जल्द से जल्द हमला करने का आग्रह कर रहे थे। हालांकि, ट्रंप ने अभी तक सैन्य कार्रवाई को लेकर कोई फैसला नहीं लिया है और बताया जा रहा है कि फिलहाल वह हमले के पक्ष में नहीं हैं।
इस महीने की शुरुआत में नेतन्याहू ने इस्राइल में राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने की मांग दोहराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को फिर से शुरू करने की कोशिश कर रहा है और इस खतरे से निपटने के लिए व्यापक राजनीतिक गठबंधन जरूरी है।
नेतन्याहू ने क्या कहा?
नेतन्याहू ने कहा था कि ईरानी शासन इस्राइल को नष्ट करना चाहता है और एक बार फिर अपने परमाणु कार्यक्रम को पुनर्जीवित करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस खतरे को हमेशा के लिए खत्म करना जरूरी है।
नेतन्याहू ने यह भी दावा किया था कि राष्ट्रीय एकता सरकार आने वाले वर्षों में इस्राइल की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है और क्षेत्रीय शांति समझौतों को आगे बढ़ाने में मदद कर सकती है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi