बेटे की चाह में अलीगढ़ के एक दंपती ने रिश्तेदार ट्रक चालक के साथ मिलकर दिल्ली के मंडावली से आठ माह के बच्चे का अपहरण कर लिया। बच्चे को ट्रक के जरिए अलीगढ़ के वाजिदपुर गांव पहुंचाया गया। पूर्वी जिला पुलिस ने मामले में 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया और उसकी मां को सौंप दिया।
पुलिस के मुताबिक, बच्चे के बदले एक लाख रुपये देने का वादा किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मथुरा के सिकंदरपुर (सुरीर) निवासी ट्रक चालक ऋषिपाल (40), अलीगढ़ के टप्पल स्थित वाजिदपुर गांव निवासी छत्रु (50) और उसकी पत्नी कुसमा (45) के रूप में हुई है।
ई-रिक्शा चलाती है बच्चे की मां
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार के मुताबिक, लक्ष्मी नाम की महिला ने अपने आठ माह के बेटे के अपहरण की शिकायत मंडावली थाने में दर्ज कराई थी। महिला पेशे से ई-रिक्शा चालक है और उसने बच्चे की देखभाल की जिम्मेदारी ज्योति नाम की महिला को दी हुई थी।
ज्योति बच्चे को लेकर पांडव नगर में कुछ सामान लेने गई थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उससे बातचीत करने लगा। बातचीत के बीच आरोपी बच्चे को लेकर फरार हो गया। घटना के बाद बच्चे की मां ने पुलिस को सूचना दी, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक व्यक्ति बच्चे को लेकर भागता दिखाई दिया। इसके बाद आरोपी ई-रिक्शा से अक्षरधाम मंदिर के पास पहुंचा, जहां एक टाटा-407 खड़ा था।
आरोपी बच्चे को लेकर टाटा-407 में सवार हो गया और वाहन नोएडा की ओर निकल गया। पुलिस ने वाहन के नंबर के आधार पर जांच करते हुए ट्रक चालक ऋषिपाल को गिरफ्तार कर लिया।
ट्रक से अलीगढ़ पहुंचाया गया बच्चा
पूछताछ में पता चला कि ऋषिपाल बच्चे को लेकर अलीगढ़ के वाजिदपुर गांव पहुंचा था, जहां उसने मासूम को छत्रु और उसकी पत्नी कुसमा के हवाले कर दिया। पुलिस ने ऋषिपाल से मिली जानकारी के आधार पर गांव में छापेमारी की और बच्चे को सकुशल बरामद कर दंपती को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दंपती ने बच्चे के अपहरण की साजिश रचने की बात स्वीकार की है।
तीन बेटियां थीं, इसलिए बेटे की चाह में रची साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि छत्रु पेशे से किसान है और उसके पहले से तीन बेटियां हैं। वह वंश चलाने के लिए बेटे की चाह रखता था। बताया गया कि पहले से तीन बेटियां होने के कारण उसे बच्चा गोद लेने में भी परेशानी हो रही थी।
करीब एक साल पहले उसने इस बारे में ऋषिपाल से बात की थी। ऋषिपाल ने बच्चे का इंतजाम करने का भरोसा दिया था। इसके बदले दंपती ने उसे एक लाख रुपये देने का वादा किया था। बच्चा मिलने के बाद दंपती ने दो-तीन दिन में रकम देने की बात कही थी, लेकिन पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर मासूम को सुरक्षित बरामद कर लिया।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi