श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक दो दिसंबर को अयोध्या में होगी। एक सितंबर को ट्रस्ट की नई टीम के गठन के बाद यह पहली बैठक होगी। इसमें ट्रस्ट के कामकाज को नई दिशा देने के साथ कई अहम फैसले लिए जाने की संभावना है। बैठक में नए प्रवक्ता की नियुक्ति के अलावा कुछ अन्य पदों पर नियुक्तियों को भी अंतिम रूप दिया जा सकता है।
चढ़ावा चोरी की घटना के बाद एक सितंबर को हुई ट्रस्ट की बैठक में नए पदाधिकारियों और सदस्यों का चयन किया गया था। नई टीम के गठन के बाद अब सभी 15 सदस्यों की मौजूदगी में आगामी कार्ययोजना और मंदिर की व्यवस्थाओं पर चर्चा होगी। बैठक में शामिल होने के लिए ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरि 30 नवंबर को ही अयोध्या पहुंच जाएंगे।
नए प्रवक्ता और आईटी सलाहकार की नियुक्ति पर चर्चा
बैठक के प्रमुख एजेंडे में ट्रस्ट के नए प्रवक्ता की नियुक्ति शामिल हो सकती है। इसके अलावा मंदिर ट्रस्ट के कामकाज को तकनीकी रूप से अधिक व्यवस्थित करने के लिए आईटी सलाहकार नियुक्त करने पर भी विचार किया जा सकता है। कुछ अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियों को लेकर भी निर्णय होने की संभावना है।
बैठक में सितंबर से नवंबर तक की अवधि का आय-व्यय विवरण सभी ट्रस्टियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इस दौरान मंदिर की व्यवस्थाओं, संचालन और आगामी कार्यों से जुड़े वित्तीय पहलुओं पर भी चर्चा होगी।
मंदिर परिसर की नई व्यवस्थाओं की होगी समीक्षा
बैठक में राम मंदिर में साधु-संतों के लिए सुगम दर्शन व्यवस्था का मुद्दा भी उठ सकता है। दर्शन के दौरान संतों को होने वाली असुविधाओं को दूर करने और उनके लिए अलग अथवा सरल दर्शन व्यवस्था विकसित करने के विकल्पों पर विचार किया जा सकता है।
इसके अलावा एक सितंबर को हुई ट्रस्ट की बैठक के बाद मंदिर परिसर में लागू की गई नई व्यवस्थाओं की समीक्षा भी होगी। इन व्यवस्थाओं से जुड़े अनुभव, समस्याएं और सुधार के सुझाव बैठक में रखे जा सकते हैं। ट्रस्ट की आगामी बैठक में मंदिर संचालन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की उम्मीद है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi