Sunday , November 22 2026

मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई: चिता की परिक्रमा कर योगी आदित्यनाथ ने किया नमन, छोटे भाई ने निभाई अंतिम संस्कार की रस्म

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। उनके छोटे बेटों शैलेंद्र और महेंद्र ने मां को मुखाग्नि दी। अंतिम विदाई के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आए। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया और अंतिम परिक्रमा कर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया।

इससे पहले पौड़ी गढ़वाल जिले के पैतृक गांव पंचूर से शनिवार सुबह 8:50 बजे सावित्री देवी की अंतिम यात्रा शुरू हुई। गांव से हरिद्वार तक के सफर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। करीब 11:40 बजे अंतिम यात्रा चंडी घाट पहुंची, जहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार अंतिम संस्कार की रस्में निभाई गईं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां के पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम यात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान वह भावुक हो गए और कई बार रूमाल से अपने आंसू पोंछते नजर आए। घाट पर अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए साधु-संतों, राजनीतिक हस्तियों और अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही। 13 अखाड़ों के आचार्य और श्रीमहंत भी अंतिम विदाई में शामिल हुए।

हरिद्वार में अंतिम संस्कार की पारिवारिक परंपरा

सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार में किए जाने के पीछे परिवार की परंपरा भी जुड़ी है। पंचूर गांव के लोग अपने परिजनों का अंतिम संस्कार परंपरागत रूप से हरिद्वार में करते हैं। इसी परंपरा के तहत सावित्री देवी को भी हरिद्वार लाया गया।

इससे पहले योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन 21 अप्रैल 2020 को हुआ था। कोरोना संक्रमण के दौर में परिस्थितियों के चलते उनका अंतिम संस्कार हरिद्वार के बजाय फूलचट्टी घाट पर किया गया था।

अंतिम यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर दी श्रद्धांजलि

सावित्री देवी की अंतिम यात्रा के दौरान लक्ष्मण झूला-कांडी मोटर मार्ग पर जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धांजलि दी। शव वाहन पर फूल बरसाकर लोगों ने अपनी श्रद्धा व्यक्त की। यात्रा के दौरान भगवद्गीता का पाठ भी होता रहा। गांव से हरिद्वार तक बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए।

चंडी घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान संत समाज की भी बड़ी मौजूदगी रही। 13 अखाड़ों के आचार्य और श्रीमहंत के अलावा योग गुरु स्वामी रामदेव भी संतों के साथ पहुंचे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े पदाधिकारी भी मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई कैबिनेट मंत्री, जनप्रतिनिधि और राजनीतिक हस्तियां भी सावित्री देवी को श्रद्धांजलि देने पहुंचीं। भाजपा नेता बांसुरी स्वराज भी अंतिम संस्कार में शामिल हुईं। भीड़ और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।

सीएम धामी और राज्यपाल ने जताया शोक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, ममता और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। मां का निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों के साथ हैं।

उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने भी शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।

Check Also

रोहित गोदारा गैंग के शूटरों पर दिल्ली पुलिस का शिकंजा, कारोबारी के घर गोलीबारी मामले में तीन गिरफ्तार

दिल्ली में कारोबारी से रंगदारी वसूलने के लिए उसके घर के बाहर फायरिंग करने के ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *