Saturday , November 21 2026

बीडीएस इंटर्न निशा की मौत के पीछे धमकी और ब्लैकमेलिंग की आशंका, मोबाइल से जांचकर्ताओं को मिले अहम सुराग

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर में आईडीएसटी कॉलेज की 25 वर्षीय बीडीएस इंटर्न निशा साव की मौत के मामले में परिजनों ने दिल्ली निवासी डॉक्टर पर ब्लैकमेलिंग और खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी डॉक्टर और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों का दावा है कि निशा के मोबाइल में आरोपी से बातचीत की रिकॉर्डिंग मिली है, जिसमें कथित तौर पर धमकी और रुपये मांगने की बातें सामने आई हैं।

हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला था शव

पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित दमदम पार्क निवासी अनूप साव के मुताबिक, उनकी 25 वर्षीय बेटी निशा साव मोदीनगर के कादराबाद स्थित आईडीएसटी कॉलेज में बीडीएस की इंटर्न थी। बीते 28 अक्तूबर को निशा ने कॉलेज के हॉस्टल स्थित अपने कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी थी।

घटना के बाद परिजन निशा का शव लेकर चले गए थे। वहीं, पुलिस ने निशा का लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य सामान कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी थी।

डॉक्टर पर ब्लैकमेलिंग और धमकी देने का आरोप

बुधवार को निशा के परिजन मामले में शिकायत लेकर मोदीनगर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, निशा के मोबाइल में कॉल रिकॉर्डिंग मिली है, जिसमें वह डॉ. संदीप मेहरा उर्फ महेंद्र नामक व्यक्ति से बातचीत कर रही थी।

पिता ने आरोप लगाया कि डॉक्टर निशा को ब्लैकमेल कर रहा था और बातचीत के दौरान गाली-गलौज करता था। कथित तौर पर आरोपी उससे रुपये मांगता था और पैसे नहीं देने पर बदनाम करने की धमकी देता था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने निशा को मानसिक रूप से परेशान किया और उसे खुदकुशी के लिए उकसाया।

आत्महत्या से एक दिन पहले मां से की थी बात

परिजनों के मुताबिक, निशा ने घटना से एक दिन पहले अपनी मां से फोन पर बात की थी। उस दौरान वह सामान्य थी और उसने किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था। परिवार का आरोप है कि आरोपी की धमकियों और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर निशा ने यह कदम उठाया।

डॉक्टर और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि निशा के पिता अनूप साव की तहरीर पर डॉ. संदीप मेहरा उर्फ महेंद्र, निवासी रोहिणी सेक्टर-23, दिल्ली और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Check Also

कुंडा में बाबा बागेश्वर का दिव्य दरबार: छह लोगों की अर्जियां सुनीं, समस्याओं के समाधान और आशीर्वाद दिए

कुंडा के बेंती राजभवन में शुक्रवार को आयोजित दिव्य दरबार में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *