Saturday , November 21 2026

देहरादून: लोन के बदले नौ लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप, बैंक मैनेजर और दो एजेंट सीबीआई के हत्थे चढ़े

देहरादून में लोन मंजूर कराने के बदले रिश्वत मांगने के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बैंक मैनेजर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी) ने बुधवार देर शाम बैंक के डायरेक्ट सेलिंग एजेंट (डीएसए) नरेंद्र आर्य को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इसके बाद बैंक के शाखा प्रबंधक प्रेम रंजन और एक अन्य डीएसए नीरज राय को भी गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपियों के आवासों पर तलाशी के दौरान दस्तावेज और नकदी बरामद की गई है। सीबीआई ने यह कार्रवाई बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा में की।

सीबीआई के अनुसार, 18 नवंबर को क्लेमेंटटाउन निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा के प्रबंधक प्रेम रंजन और तीन निजी व्यक्तियों नरेंद्र आर्य, नीरज राय व अशरफ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। तीनों निजी व्यक्ति बैंक में डायरेक्ट सेलिंग एजेंट के तौर पर काम कर रहे थे।

शिकायतकर्ता ने बैंक में संपत्ति के एवज में 1.80 करोड़ रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि लोन स्वीकृत कराने और वितरित कराने के बदले आरोपियों ने कुल लोन रकम का पांच प्रतिशत यानी नौ लाख रुपये रिश्वत मांगी थी।
पहले ही ले चुके थे 2.50 लाख रुपये
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने शिकायतकर्ता से पहले ही 2.50 लाख रुपये नकद ले लिए थे। इसके बाद शेष 6.50 लाख रुपये देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। आरोपियों के कहने पर शिकायतकर्ता ने 3.80 लाख रुपये और 2.20 लाख रुपये के दो बिना तारीख वाले चेक भी दिए। इसके अलावा 50 हजार रुपये नकद देने की बात तय हुई थी।
50 हजार रुपये लेते एजेंट रंगे हाथ गिरफ्तार
बुधवार देर शाम सीबीआई ने जाल बिछाकर डायरेक्ट सेलिंग एजेंट नरेंद्र आर्य को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद बैंक शाखा प्रबंधक प्रेम रंजन और दूसरे डीएसए नीरज राय को भी गिरफ्तार किया गया।

सीबीआई ने तीनों आरोपियों के आवासों पर तलाशी लेकर नकदी और दस्तावेज जब्त किए हैं। प्राथमिकी में शामिल चौथे आरोपी अशरफ की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले की जांच सीबीआई इंस्पेक्टर मनोज कुमार नेगी को सौंपी गई है।

Check Also

प्रदेशभर की आशा कार्यकर्ताओं ने देहरादून में डाला डेरा, सचिवालय घेराव को लेकर पुलिस अलर्ट

अपनी मांगों पर सुनवाई नहीं होने से नाराज आशा कार्यकर्ताओं ने आंदोलन तेज कर दिया ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *