Saturday , November 21 2026

टिहरी में मौत का सफर बनी बस यात्रा: पुल से नीचे गिरा वाहन, आठ की गई जान; बचाव अभियान जारी

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गूलर के पास हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं।

30 से 35 यात्री थे बस में सवार

जानकारी के मुताबिक, विश्वनाथ सेवा की यह बस मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से चमोली जिले के कर्णप्रयाग के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। गूलर बाजार के समीप पहुंचते ही बस हादसे का शिकार हो गई और पुल से नीचे जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने भी तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

आठ यात्रियों की मौत, 20 को निकाला गया

हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने ऋषिकेश एम्स ले जाते समय दम तोड़ दिया।

एसएसपी श्वेता चौबे के मुताबिक, हादसे के बाद अब तक 20 लोगों को बस से बाहर निकाला गया है। इनमें से 19 घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। अन्य घायलों को ऋषिकेश के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खाई में फंसे लोगों को निकालने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी तैनात

सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल पर भेजी गई हैं। मौके पर पुलिस बल तैनात है और एसडीआरएफ की टीमें समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना और खाई में फंसे अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। बचाव अभियान जारी है।

Check Also

देहरादून: लोन के बदले नौ लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप, बैंक मैनेजर और दो एजेंट सीबीआई के हत्थे चढ़े

देहरादून में लोन मंजूर कराने के बदले रिश्वत मांगने के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *