Friday , November 13 2026

यूपी: शादी समारोह में शामिल होने आए तीन लोगों की संदिग्ध मौत, जहरीली शराब पीने की आशंका

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब शराब पीने के बाद तीन युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तीनों के शव घर से करीब 500 मीटर दूर एक चारपाई पर पड़े मिले। सूचना मिलने पर गांव का एक युवक उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। जहरीली शराब पीने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

तीनों मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान अजीत (18), शिवकुमार (19) और जीतू (20) के रूप में हुई है। अजीत महाराष्ट्र में टमाटर का कारोबार करता था, जबकि जीतू वहां शटरिंग का काम करता था। वहीं, शिवकुमार कक्षा 12 का छात्र था। तीनों युवक गांव के रहने वाले थे और शादी में शामिल होने के लिए आए थे।

शादी की खुशी में खरीदी थी शराब

जानकारी के मुताबिक, गांव के महिपाल के बेटे लोकेंद्र का विवाह तय हुआ था। इसी खुशी में तीनों युवक शराब की एक बोतल लेकर आए थे। बताया गया कि उन्होंने गांव के स्कूल में बैठकर शराब पी थी। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

बाइक से जाते समय बिगड़ी हालत

शराब पीने के बाद तीनों युवक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें चक्कर आने लगे और वे गिर पड़े। इसके बाद तीनों पास में रखी एक चारपाई पर लेट गए। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई।

गांव के ही सिंटू ने तीनों को चारपाई पर पड़ा देखा। उनकी हालत गंभीर देखकर वह तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

गांव में पसरा मातम

तीनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल, मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। जहरीली शराब की आशंका के बीच मामले की जांच के बाद ही वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

Check Also

कोर्ट में लंबित मामलों को निपटाने की नई व्यवस्था, सरकार शाम के समय भी चलाएगी अदालतें

देश की अदालतों में लंबित करोड़ों मुकदमों का बोझ कम करने के लिए केंद्र सरकार ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *