Thursday , November 12 2026

अयोध्या में फिर सजेगा सियासी मंच, परिवार संग रामलला के दर्शन करेंगे सपा प्रमुख अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 12 दिसंबर को परिवार सहित अयोध्या पहुंचेंगे। इस दौरान वह हनुमानगढ़ी में बजरंगबली और राम मंदिर में रामलला के दर्शन-पूजन करेंगे। इसके साथ ही साधु-संतों से मुलाकात का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है।

राम मंदिर निर्माण के बाद अखिलेश यादव का यह पहला प्रस्तावित धार्मिक दौरा बताया जा रहा है। ऐसे में उनके अयोध्या आगमन को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।

हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में करेंगे दर्शन-पूजन

अखिलेश यादव के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, वह सबसे पहले हनुमानगढ़ी पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन करेंगे। इसके बाद राम मंदिर में रामलला के दरबार में माथा टेकेंगे। इस दौरान उनकी साधु-संतों से मुलाकात भी हो सकती है। फिलहाल इस दौरे को धार्मिक यात्रा के रूप में बताया गया है। किसी अन्य राजनीतिक या सार्वजनिक कार्यक्रम की जानकारी सामने नहीं आई है।

तेजनारायण पांडेय ने दी थी दौरे की जानकारी

सपा के पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय ‘पवन’ ने दीपोत्सव के दौरान अखिलेश यादव के अयोध्या आने की जानकारी दी थी। उनके मुताबिक, अखिलेश यादव परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर पहुंचेंगे। इस दौरान हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ साधु-संतों से मुलाकात का कार्यक्रम रहेगा।

पहले राम मंदिर नहीं जाने पर हुई थी सियासत

इससे पहले अखिलेश यादव 8 अक्टूबर को पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय के आवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने अयोध्या आए थे। उस दौरान उनके राम मंदिर और हनुमानगढ़ी नहीं जाने को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा हुई थी। भाजपा नेताओं ने भी इस मुद्दे पर सपा अध्यक्ष को निशाने पर लिया था।

वहीं, विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान 26 फरवरी को अखिलेश यादव हनुमानगढ़ी में दर्शन करने पहुंचे थे। अब परिवार सहित दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों पर प्रस्तावित दर्शन-पूजन को इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि में देखा जा रहा है।

2027 चुनाव से पहले दौरे के निकाले जाएंगे सियासी मायने

अयोध्या और राम मंदिर लंबे समय से उत्तर प्रदेश की राजनीति के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहे हैं। भाजपा राम मंदिर को अपने राजनीतिक विमर्श का अहम हिस्सा बनाती रही है, जबकि समाजवादी पार्टी के सामने धार्मिक आस्था और अपनी राजनीतिक पहचान के बीच संतुलन बनाने की चुनौती रही है।

ऐसे में विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव का रामलला के दर्शन करना और साधु-संतों से मुलाकात करना चर्चा का विषय बन सकता है। हालांकि, फिलहाल इस दौरे को धार्मिक यात्रा बताया गया है, लेकिन इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जाने तय माने जा रहे हैं।

Check Also

अखिलेश यादव को राजभर की सलाह, बोले- शिवपाल यादव के आगे झुकना पड़ेगा, तभी बनेगी बात

उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी के भीतर चाचा-भतीजे के रिश्तों को लेकर एक ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *