Monday , November 2 2026
Breaking News

संजय गुप्ता के घर उमड़ी फिल्मी सितारों की भीड़, राकेश रोशन से फरीद खान तक ने जताया दुख

बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर संजय गुप्ता के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। शनिवार को उनके निधन की खबर सामने आने के बाद फिल्म जगत की कई हस्तियां उन्हें अंतिम विदाई देने उनके मुंबई स्थित आवास पर पहुंचीं। इस दौरान अभिनेता रोनित रॉय और निर्देशक मिलाप जावेरी भावुक नजर आए। दोनों की आंखों में आंसू दिखाई दिए।

संजय गुप्ता हिंदी सिनेमा में अपनी एक्शन और क्राइम फिल्मों के लिए खास पहचान रखते थे। उन्होंने ‘कांटे’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ और ‘काबिल’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया था। उनके निधन से फिल्म जगत में शोक का माहौल है।

अंतिम विदाई देने पहुंचे कई फिल्मी सितारे

संजय गुप्ता को श्रद्धांजलि देने के लिए अभिनेता फरदीन खान, रोनित रॉय, रोहित रॉय और गुलशन ग्रोवर उनके आवास पर पहुंचे। इनके अलावा फिल्ममेकर राकेश रोशन, निर्देशक मिलाप जावेरी, अभिनेता सुधांशु पांडे और अशोक पंडित ने भी उन्हें अंतिम विदाई दी।

इस दौरान संजय गुप्ता को याद कर उनके करीबी भावुक नजर आए। रोनित रॉय और मिलाप जावेरी के चेहरे पर गम साफ दिखाई दिया।

घर में गिरने से लगी थी सिर में चोट

मुंबई पुलिस के मुताबिक, संजय गुप्ता का निधन शुक्रवार देर रात हुआ। वह मुंबई के वर्सोवा पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले इलाके में रहते थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वह अपने घर के अंदर संतुलन खोकर गिर गए थे। इस दौरान उनके सिर में चोट लगी और खून बहने लगा।

पुलिस के अनुसार, संजय गुप्ता अपने बंगले में पत्नी, दो बच्चों और एक घरेलू सहायक के साथ रहते थे। घटना के समय घर के सभी लोग सो रहे थे। ऐसे में शनिवार सुबह घटना की जानकारी सामने आई।

परिवार ने नहीं जताया किसी तरह का शक

पुलिस के मुताबिक, परिवार ने घटना को लेकर किसी तरह का संदेह जाहिर नहीं किया है और न ही कोई शिकायत दर्ज कराई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। उनके अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी सामने आने का इंतजार है।

‘कांटे’ और ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ से मिली पहचान

संजय गुप्ता हिंदी सिनेमा में एक्शन और क्राइम आधारित फिल्मों के लिए जाने जाते थे। उनकी चर्चित फिल्मों में ‘कांटे’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’, ‘शूटआउट एट वडाला’, ‘काबिल’ और ‘मुंबई सागा’ शामिल हैं।

फिल्म ‘मुंबई सागा’ में जॉन अब्राहम और इमरान हाशमी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। बतौर निर्देशक उनकी आखिरी फिल्म ‘द मिरांडा ब्रदर्स’ साल 2024 में रिलीज हुई थी। वहीं, बतौर निर्माता उनकी फिल्म ‘विस्फोट’ भी चर्चा में रही थी, जिसमें फरदीन खान और रितेश देशमुख ने काम किया था।

संजय गुप्ता के निधन की खबर से उनके प्रशंसकों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों में दुख का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

Check Also

बॉक्स ऑफिस अपडेट: उड़ता तीर की कमाई में आया उछाल, जेलर 2 इतिहास रचने को तैयार; नई नवेली का हाल भी जानें

सिनेमाघरों में इन दिनों कई फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला देखने को मिल ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *