Tuesday , October 20 2026
Breaking News

तिरंगा मार्च को लेकर बड़ा अपडेट: सीजेपी के कितने कार्यकर्ताओं को मिल सकती है इजाजत? पुलिस ने दूर किया संशय

दिल्ली में सीजेपी और आम आदमी पार्टी के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शुक्रवार, 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से पहले दिल्ली पुलिस ने लोगों को निषेधाज्ञा का पालन करने की चेतावनी दी है। वहीं, राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान के लिए चुनिंदा लोगों के समूह को उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने की व्यवस्था किए जाने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने और संपत्ति की सुरक्षा के मद्देनजर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है। इसके तहत प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी प्रदर्शन या सभा में शामिल न हों, जिससे लागू निषेधाज्ञा का उल्लंघन हो।

16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा सेंट्रल पार्क

नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को बंद रखने की जानकारी दी है। एनडीएमसी ने पार्क में अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया है।

पुलिस ने कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित एजेंसियों से समन्वय किया है। इस बीच, इलाके के व्यापारिक संगठनों ने त्योहारों के मौसम में प्रदर्शन के कारण बाजार की गतिविधियां प्रभावित होने की आशंका जताई है।

तिरंगा और राष्ट्रगान के लिए हो सकती है अलग व्यवस्था

दिल्ली पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय ध्वज के साथ आने और राष्ट्रगान गाने के लिए चुनिंदा लोगों के समूह को उपयुक्त स्थान पर अनुमति देने की व्यवस्था की जा सकती है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम व्यवस्था प्रशासन की अनुमति और सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों पर निर्भर करेगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय ध्वज का प्रदर्शन उचित तरीके और पूरे सम्मान के साथ किया जाना चाहिए। इसी तरह, राष्ट्रगान भी गरिमा और मर्यादा के साथ गाया जाना चाहिए।

सीजेपी ने लोगों से की मार्च में शामिल होने की अपील

सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए लोगों से 16 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च में शामिल होने की अपील की। संगठन की ओर से लोगों को शाम पांच बजे कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क पहुंचने का आह्वान किया गया है।

यह मार्च मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर सीजेपी और दिल्ली पुलिस के बीच जारी टकराव के बीच प्रस्तावित है। हालांकि, सेंट्रल पार्क बंद रखने के प्रशासनिक निर्देश के चलते कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और अनुमति से जुड़े सवाल अहम हो गए हैं।

कारोबारियों ने सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

कनॉट प्लेस के व्यापारियों और बाजार संगठनों ने पुलिस से दुकानों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह के उपद्रव या गैरकानूनी जमावड़े से ग्राहकों की आवाजाही और कारोबार प्रभावित हो सकता है।

दिल्ली पुलिस ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही, निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।

Check Also

उत्तराखंड में कांग्रेस की नई रणनीति, संगठन को मजबूत करने के लिए जिला और विधानसभा स्तर पर नियुक्तियां

उत्तराखंड में आगामी चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *