Friday , September 18 2026

देहरादून में आज युवा संवाद, 140 युवाओं के साथ भविष्य के उत्तराखंड पर मंथन करेंगे सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को प्रदेशभर के 140 चयनित युवाओं के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान युवा मुख्यमंत्री के सामने विकसित उत्तराखंड को लेकर अपने विचार और विजन प्रस्तुत करेंगे। सरकार ने जेन-जी के विचारों को नीति निर्धारण से जोड़ने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की है।

2,67,744 विद्यार्थियों ने भेजे सुझाव

मुख्यमंत्री के निर्देश पर ‘कैसा हो मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान शुरू किया गया था। इसके तहत प्रदेश के करीब तीन लाख 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को जोड़ा गया। इनमें से 2,67,744 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से उत्तराखंड के भविष्य को लेकर अपने विचार और सुझाव सरकार तक पहुंचाए।

इन्हीं विद्यार्थियों में से 140 युवाओं का चयन किया गया है। ये युवा मुख्यमंत्री धामी के सामने अपने विजन की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

140 चयनित विद्यार्थियों को मिलेगी स्कॉलरशिप

युवा विद्यार्थी मंथन के लिए चयनित 140 विद्यार्थियों को 12वीं के बाद कॅरिअर कोचिंग के लिए दो लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप दी जाएगी।

वरिष्ठ अधिकारी भी युवाओं से करेंगे संवाद

मुख्यमंत्री धामी ने संवाद को व्यापक और सार्थक बनाने के लिए शासन के वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों को भी युवाओं के साथ संवाद करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री के साथ संवाद से पहले वरिष्ठ अधिकारी चयनित विद्यार्थियों के साथ बैठकर उनके विचार, सुझाव और प्रदेश के भविष्य को लेकर उनके विजन को समझेंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, वन एवं पर्यावरण, स्वरोजगार, पलायन, लोक निर्माण, आईटी, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विभागों के प्रमुख युवाओं के सुझाव सुनेंगे और महत्वपूर्ण विचारों से मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगे।

युवाओं के सुझावों को नीति में शामिल करने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा है कि युवाओं की ओर से दिए गए सार्थक और उपयोगी सुझावों को सरकार की नीतियों तथा विकास की दिशा में शामिल किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य युवाओं की कल्पना वाले उत्तराखंड को समझना और उनके विजन को विकास योजनाओं से जोड़ना है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, युवा उत्तराखंड का भविष्य हैं और उनके साथ वैचारिक मंथन से नए विचारों को जानने-समझने का अवसर मिल रहा है।

Check Also

देहरादून: अग्निवीर भर्ती के खिलाफ कांग्रेस नेताओं की आवाज बुलंद, योजना समाप्त करने की उठाई मांग

अग्निवीर भर्ती योजना को लेकर उत्तराखंड में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *