Wednesday , September 16 2026

झांग यिमिंग ने गौतम अदाणी को पछाड़ा, एशिया के सबसे अमीर शख्स बनने के पीछे क्या है गणित?

टिकटॉक की पैरेंट कंपनी बाइटडांस के संस्थापक झांग यिमिंग एशिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के आंकड़ों के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति 105 अरब डॉलर से अधिक हो गई है। इस रैंकिंग में उन्होंने भारतीय उद्योगपति गौतम अदाणी को पीछे छोड़ दिया है।

एक महीने में 12 अरब डॉलर बढ़ी संपत्ति

झांग यिमिंग की संपत्ति में हालिया उछाल बाइटडांस के वैल्यूएशन में बढ़ोतरी से जुड़ा है। ब्लैकरॉक, फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स और टी. रो प्राइस जैसी वैश्विक निवेश फर्मों द्वारा कंपनी के मूल्यांकन में संशोधन के बाद उनकी व्यक्तिगत संपत्ति में इसी महीने 12 अरब डॉलर से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मार्च 2019 में उनकी संपत्ति करीब 13 अरब डॉलर थी।

गौतम अदाणी की संपत्ति पर बाजार का असर

गौतम अदाणी की संपत्ति जून में 120 अरब डॉलर के उच्चतम स्तर तक पहुंची थी। इसके बाद बाजार में आए उतार-चढ़ाव का असर अदाणी समूह के शेयरों पर पड़ा। एमएससीआई इंडेक्स में शेयरों के रिबैलेंसिंग, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और बॉन्ड यील्ड में तेजी के बीच हुई बिकवाली से समूह के शेयरों में गिरावट आई। इससे अदाणी की संपत्ति और रैंकिंग पर असर पड़ा।

टिकटॉक के बाद एआई बना संपत्ति बढ़ने का बड़ा आधार

झांग यिमिंग ने बाइटडांस के जरिए अपनी संपत्ति बनाई। कंपनी ने टिकटॉक के अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भी तेजी से विस्तार किया है। चीन में बाइटडांस ने ‘दोबाओ’ चैटबॉट और ‘सीडांस’ वीडियो-जनरेशन टूल जैसे एआई उत्पाद पेश किए हैं। कंपनी का एआई क्षेत्र में निवेश हालिया वैल्यूएशन बढ़ने की प्रमुख वजहों में शामिल बताया गया है।

बाइटडांस के सामने चुनौतियां भी

झांग यिमिंग और बाइटडांस के सामने चुनौतियां भी बनी हुई हैं। अमेरिका में टिकटॉक को लेकर लंबे समय से नियामकीय और भू-राजनीतिक अनिश्चितता रही है। इस स्थिति के बीच बाइटडांस ने इस साल की शुरुआत में अपने अमेरिकी परिचालन के कुछ हिस्से अमेरिकी निवेशकों को ट्रांसफर किए हैं। वहीं, चीन के घरेलू एआई बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा भी कंपनी के लिए एक चुनौती है।

Check Also

महंगाई से बड़ी चिंता: अगस्त में थोक मुद्रास्फीति 9.92% हुई, खाद्य पदार्थों और ईंधन की कीमतों में उछाल

देश में थोक महंगाई का दबाव अगस्त में और बढ़ गया। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *