Wednesday , September 16 2026

यूपी में सपा नेता की हत्या से सनसनी, कैफे से बाहर आते ही घेरा और कर दी फायरिंग; आखिरी शब्दों ने झकझोरा

हंडिया थाना क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव और पूर्व ग्राम प्रधान पवन कुमार यादव की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार शाम हुई वारदात में बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि हमलावरों ने पहले पवन की रेकी की थी और कैफे से उनके बाहर निकलते ही किसी ने उनकी लोकेशन की जानकारी बदमाशों तक पहुंचाई।

पवन अपने दोस्तों से मिलने के लिए कर्मनाशा मोहल्ले के एक कैफे में गए थे। करीब दो घंटे बाद शाम लगभग 5:20 बजे वह कैफे से बाहर निकले और अपनी कार के पास पहुंचे। इसी दौरान प्रयागराज की ओर से बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उनकी कार के पास बाइक की रफ्तार धीमी की। पीछे बैठे आरोपी ने बेहद करीब से पवन पर गोली चला दी। गोली उनकी पीठ में लगी और वह सड़क पर गिर पड़े।

‘कोई तो अस्पताल ले चलो…’

गोली लगने के बाद पवन गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से अस्पताल ले जाने की गुहार लगाई। उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई। पुलिस उन्हें पहले स्थानीय निजी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां से हालत गंभीर होने पर टैगोर टाउन स्थित अस्पताल और फिर एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया। एसआरएन पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कैफे से निकलते ही मिली लोकेशन?

पुलिस हत्या की वजह और हमलावरों तक पवन की जानकारी पहुंचने की कड़ी जोड़ने में जुटी है। शुरुआती जांच में आशंका है कि वारदात से पहले पवन की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। पुलिस यह पता कर रही है कि कैफे में पवन से कौन-कौन मिला और उनके बाहर निकलने की जानकारी किन लोगों को थी।

पुलिस ने पवन के मोबाइल फोन का करीब एक महीने का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) भी निकलवाया है। इसके जरिए घटना से पहले उनके संपर्क में रहे लोगों और लगातार बातचीत करने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है। कैफे में मौजूद उनके दोस्तों से भी पूछताछ की गई है।

थाने से करीब 500 मीटर दूर हुई वारदात

हत्या की यह घटना हंडिया थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर कर्मनाशा मोहल्ले में हुई। वारदात के बाद बाइक सवार तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, उनकी पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पवन के बड़े भाई अशोक यादव की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शक के आधार पर गांव के प्रधान को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें काम कर रही हैं।

सपा नेताओं ने जताया आक्रोश

पवन यादव की हत्या के बाद स्थानीय सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। पार्टी नेताओं ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। जिलाध्यक्ष अनिल कुमार यादव ने कहा कि गिरफ्तारी नहीं होने पर पार्टी आंदोलन करेगी। वहीं, पार्टी के अन्य नेताओं ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस फिलहाल सीडीआर, कैफे में मौजूद लोगों के बयान और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होने की बात पुलिस ने कही है।

Check Also

भाजपा नेता के प्लाट में विस्फोट से सनसनी, बारूद तैयार करते वक्त हुआ हादसा; सिर-धड़ बरामद नहीं

पहाड़ी थाना क्षेत्र के अशोह गांव के पास भाजपा नेता के खाली प्लाट में हुए ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *