Monday , September 14 2026

बॉक्स ऑफिस पर बरकरार हनुमान अंश का जलवा, 200 करोड़ पार कर इस फिल्म को छोड़ा पीछे

भक्ति और आध्यात्म से जुड़ी फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के छठे हफ्ते में भी फिल्म की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही। महज दो करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने अब 200 करोड़ रुपये के ग्रॉस कलेक्शन का आंकड़ा पार कर लिया है।

200 करोड़ क्लब में पहुंची फिल्म

‘हनुमान अंश’ 200 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड क्लब में शामिल हो गई है। फिल्म की मौजूदा वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई करीब 205 करोड़ रुपये बताई गई है। खास बात यह है कि फिल्म अभी विदेशों में रिलीज नहीं हुई है।

दो करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म 200 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली सबसे कम बजट की भारतीय फिल्म बन गई है। इस मामले में इसने करीब 15 करोड़ रुपये के बजट वाली ‘द कश्मीर फाइल्स’ को भी पीछे छोड़ दिया है।

शुरुआत धीमी, बाद में पकड़ी रफ्तार

फिल्म की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर धीमी रही थी। पहले दिन ‘हनुमान अंश’ ने महज 10 लाख रुपये कमाए थे। शुरुआती दो हफ्तों में इसकी नेट कमाई सिर्फ 1.48 करोड़ रुपये तक पहुंची। इसके बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया बेहतर हुई और फिल्म की कमाई में तेजी देखने को मिली।

16वें दिन फिल्म की कमाई में बड़ा उछाल आया। इसके बाद तीसरे, चौथे और पांचवें हफ्ते में भी फिल्म ने मजबूत प्रदर्शन किया। चौथे हफ्ते में करीब 61 करोड़ और पांचवें हफ्ते में करीब 90 करोड़ रुपये की कमाई हुई। छठे हफ्ते के 36वें दिन यानी शुक्रवार को फिल्म ने 10.50 करोड़ रुपये की नेट कमाई की, जिससे भारत में इसका नेट कलेक्शन 174 करोड़ रुपये हो गया।

इन कलाकारों ने किया है काम

‘हनुमान अंश’ को विशाल चतुर्वेदी ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म में शोभिना डब्ल्यू. सत्य, विहान एस. हेगड़े, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के. रस्तोगी और गुलशन पांडे नजर आ रहे हैं। फिल्म के निर्माता रागिनी एस., नम्रता जी. सिंह, अनुप्रिया ए. नगर और विशाल चतुर्वेदी हैं।

Check Also

Last Man in Tower Review: भावनाओं और उसूलों की ऐसी लड़ाई, मनोज बाजपेयी की फिल्म कर देगी बेचैन

मनोज बाजपेयी, दिव्या दत्ता और बोमन ईरानी की फिल्म ‘लास्ट मैन इन टावर’ 11 सितंबर ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *