रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ का ग्रैंड प्रीमियर रविवार रात शुरू हो गया। सलमान खान एक बार फिर शो के होस्ट के तौर पर लौटे हैं। उन्होंने अपने चर्चित गानों पर डांस के साथ शो का धमाकेदार आगाज किया और एक-एक करके घरवालों का परिचय कराया।
कनिका मान बनीं पहली सदस्य
सलमान खान ने अभिनेत्री कनिका मान का शो की पहली प्रतिभागी के रूप में स्वागत किया। दोनों के बीच मजेदार बातचीत हुई। सलमान ने बताया कि उनकी मां कनिका की बड़ी फैन हैं। घर में प्रवेश करते ही कनिका नए और खास डिजाइन को देखकर हैरान रह गईं।
इस बार बिग बॉस का घर अपने अलग डिजाइन के साथ नजर आ रहा है। घर के घूमने की बात देखकर कनिका भी चौंक गईं।
आसिफ खान की हुई दूसरी एंट्री
‘पंचायत’ और ‘मटका किंग’ जैसी ओटीटी सीरीज में नजर आ चुके अभिनेता आसिफ खान बिग बॉस के दूसरे सदस्य बने। उन्होंने सलमान खान के साथ अपनी जर्नी और उनसे जुड़े एक किस्से को साझा किया।
आसिफ ने सलमान के साथ ‘ढिंका चिका’ गाने पर डांस भी किया। मां का जिक्र करते हुए वह भावुक हो गए।
काजी तौकीर बने तीसरे सदस्य
इसके बाद काजी अहमद तौकीर ने बिग बॉस के घर में तीसरे सदस्य के तौर पर एंट्री ली। उन्होंने सलमान खान के सामने ‘अफगान जलेबी’ गाना सुनाया।
ईशा की एंट्री पर भावुक हुए पल
शो की चौथी सदस्य के रूप में ईशा ने एंट्री ली। अपनी निजी जिंदगी और यात्रा के बारे में बात करते हुए वह भावुक हो गईं। सलमान ने उन्हें निजी मामलों को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने की सलाह दी।
अम्रपाली दुबे बनीं पांचवीं सदस्य
भोजपुरी अभिनेत्री अम्रपाली दुबे ने शो में पांचवीं सदस्य के रूप में एंट्री ली। उन्होंने मंच पर शानदार डांस किया और कहा कि वह बिग बॉस में अपना ‘अम्रपाली 2.0’ वर्जन दिखाने आई हैं।
अम्रपाली के साथ भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ भी मंच पर पहुंचे। निरहुआ ने सलमान खान के पैर छुए। वह रिक्शे पर सवार होकर मंच पर पहुंचे, जिस पर सलमान ने मजाकिया अंदाज में उनसे कहा कि सिर्फ दो फेरे लिए हैं, उन्हें लगा था कि वह सात फेरे लेकर जाएंगे।
निरहुआ ने मजाक में कहा कि वह पहले इसी रिक्शे पर मोनालिसा को लेकर आए थे और वह डबल होकर निकलीं, यानी शादी कर ली। उन्होंने कहा कि कहीं अम्रपाली भी डबल होकर न जाएं। इस पर सलमान ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह सिंगल ही जाएंगी।
अम्रपाली ने रोहेद खान को सिखाई भोजपुरी
शो के मंच पर अम्रपाली दुबे ने ऑस्ट्रियन अभिनेता रोहेद खान को भोजपुरी के कुछ शब्द सिखाए। दोनों के बीच यह बातचीत भी दर्शकों के लिए मनोरंजक रही।
शतरंज के जरिए समझाया बिग बॉस का खेल
सलमान खान ने शतरंज के जरिए बिग बॉस के खेल को समझाया। उन्होंने बताया कि इस बार घर में खेल और रणनीति का अंदाज अलग रहने वाला है। शो के ग्रैंड प्रीमियर में लगातार नए सदस्यों की एंट्री का सिलसिला जारी है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi