श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में मीडिया और प्रचार व्यवस्था को लेकर हलचल तेज हो गई है। विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा को ट्रस्ट में मीडिया प्रभारी की अहम जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है। हालांकि, ट्रस्ट की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
शरद शर्मा लंबे समय से अयोध्या में विश्व हिंदू परिषद की मीडिया और प्रचार व्यवस्था संभालते रहे हैं। राम जन्मभूमि आंदोलन से लेकर मंदिर निर्माण तक उन्होंने मीडिया के साथ समन्वय करने और मंदिर से जुड़े कार्यक्रमों व महत्वपूर्ण जानकारियों को मीडिया तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई है।
आंदोलन से मंदिर निर्माण तक सक्रिय भूमिका
राम मंदिर आंदोलन के दौरान भी शरद शर्मा की सक्रियता रही है। अयोध्या से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों, कार्यक्रमों और बयानों की जानकारी मीडिया तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अहम रही। इसी लंबे अनुभव को देखते हुए अब ट्रस्ट की मीडिया व्यवस्था में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिलने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
महंत नृत्यगोपाल दास के करीबी माने जाते हैं
शरद शर्मा को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास का करीबी माना जाता है। यही वजह है कि ट्रस्ट में उनकी भूमिका बढ़ने की चर्चा को बल मिल रहा है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें ट्रस्ट में किस औपचारिक पद पर जिम्मेदारी दी जाएगी।
ट्रस्ट की ओर से प्रवक्ता के चयन की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। माना जा रहा है कि फिलहाल प्रवक्ता के चयन को टाला जा सकता है। शरद शर्मा को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी मिलती है या नहीं, इस पर अंतिम फैसला ट्रस्ट की ओर से ही किया जाएगा।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi