सावन की कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों का उत्साह चरम पर है। सोमवार को मूसलाधार बारिश के बावजूद कांवड़ियों के कदम नहीं रुके। शिवरात्रि से एक दिन पहले हरिद्वार में डाक कांवड़ का जोर दिखाई दिया। सुबह से हुई बारिश और तेज हवाओं के बीच भी राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों तक कांवड़ियों की आवाजाही जारी रही।
कांवड़ मेले के 12वें दिन सोमवार शाम छह बजे तक चार करोड़ 43 लाख 78 हजार शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके थे। प्रशासन के अनुसार, रविवार देर शाम से सोमवार शाम छह बजे तक ही करीब 63 लाख 60 हजार शिवभक्त गंगाजल लेकर हरिद्वार से निकले।
बारिश के बीच भी नहीं थमी कांवड़ यात्रा
सोमवार सुबह करीब सात बजे शुरू हुई तेज बारिश ने धर्मनगरी को जलमग्न कर दिया। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, लेकिन कांवड़ियों की यात्रा पर इसका खास असर नहीं पड़ा। बारिश में भीगते हुए शिवभक्त लगातार अपनी मंजिल की ओर बढ़ते रहे।
शहर के प्रमुख मार्गों, गलियों और चौराहों पर बड़ी संख्या में कांवड़िए नजर आए। डीजे पर बज रहे शिव भक्ति के गीतों के बीच कांवड़िए नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे। बारिश और तेज हवाओं के बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह बना रहा।
डाक कांवड़ के अंतिम चरण में बढ़ी भीड़
डाक कांवड़ यात्रा अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इसके बावजूद सोमवार को हरिद्वार में शिवभक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। हरियाणा, दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कांवड़िए हरिद्वार पहुंचे और गंगाजल लेकर अपने क्षेत्रों के लिए रवाना हुए।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सोमवार शाम छह बजे तक कुल 4 करोड़ 43 लाख 78 हजार शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। बड़ी संख्या में कांवड़िए पैदल और विभिन्न वाहनों के जरिए अपने क्षेत्रों की ओर लौट रहे हैं।
प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रियों की अंतिम संख्या मंगलवार शाम तक जारी किए जाने की उम्मीद है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi