स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर दिल्ली के लाल किले की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। समारोह के दौरान विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के करीब 15 से 20 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था में दिल्ली पुलिस के अलावा अर्धसैनिक बल, एनएसजी, कमांडो, स्नाइपर, एनडीआरएफ और क्विक रिएक्शन टीमों को शामिल किया गया है।
डीसीपी नॉर्थ राजा बांठिया के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था को मानव बल और तकनीकी निगरानी के दो हिस्सों में बांटा गया है। दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक यूनिट, स्थानीय पुलिस, पीसीआर, स्पेशल ब्रांच और स्पेशल सेल के साथ अन्य सुरक्षा बल भी तैनात रहेंगे। रणनीतिक स्थानों और वॉचटावर पर क्यूआरटी की तैनाती की जाएगी।
1000 से ज्यादा CCTV कैमरों से निगरानी
लाल किले और आसपास के इलाकों में एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनकी निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, जहां प्रशिक्षित कर्मी लाइव फीड पर नजर रखेंगे। जरूरत के अनुसार वीडियो एनालिटिक्स तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था में फेसियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS), नंबर प्लेट रिकग्निशन और घुसपैठ का पता लगाने वाली तकनीक शामिल है। कुछ पुलिसकर्मी बॉडी-वॉर्न कैमरों से भी लैस रहेंगे।
ड्रोन खतरे से निपटने के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ड्रोन से संभावित खतरे को देखते हुए एंटी-ड्रोन सिस्टम भी तैनात किए गए हैं। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ की टीम भी मौजूद रहेगी।
पुलिस सोशल मीडिया पर होने वाली गतिविधियों और चर्चाओं पर भी नजर रख रही है। डीसीपी के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी जरूरी ब्रीफिंग और प्रशिक्षण सत्र पूरे हो चुके हैं और पुलिस पूरी तरह तैयार है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi