Monday , August 10 2026

West Asia Crisis: सऊदी के गैस संयंत्र पर हूती हमला! इस्राइली मीडिया के दावे से बढ़ी हलचल

सऊदी अरब के पूर्वी इलाके में स्थित जुबैल औद्योगिक शहर में एक गैस संयंत्र में धमाके और आग लगने की घटना सामने आई है। इस हमले के पीछे यमन के हूती विद्रोहियों का हाथ होने का दावा किया जा रहा है। इस्राइली मीडिया चैनल-14 ने दावा किया है कि हूतियों ने सऊदी अरामको से जुड़े एक गैस संयंत्र को निशाना बनाया।

हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। घटना ऐसे समय सामने आई है, जब पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है।

जुबैल में तेज धमाके के बाद लगी आग

इस्राइली मीडिया के मुताबिक, जुबैल इलाके में तेज धमाके की आवाज सुनाई देने के बाद गैस संयंत्र को निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई। समाचार एजेंसी अनादोलु के अनुसार, इलाके में जोरदार धमाके की आवाज सुनी गई।

ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी ने भी अरब सूत्रों के हवाले से बताया कि जुबैल औद्योगिक शहर में गैस से जुड़ी कुछ सुविधाओं को निशाना बनाया गया और वहां आग लग गई।

जुबैल सऊदी अरब के पूर्वी तट पर स्थित प्रमुख औद्योगिक शहर है। यहां तेल, गैस और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं मौजूद हैं।

हूतियों पर क्यों उठी उंगली?

यमन के हूती विद्रोही पहले भी ड्रोन और मिसाइलों के जरिए सऊदी अरब की रणनीतिक और ऊर्जा से जुड़ी सुविधाओं को निशाना बना चुके हैं। हूती संगठन को ईरान का समर्थन हासिल है और वह लंबे समय से सऊदी अरब के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाता रहा है।

हाल ही में हूतियों ने लाल सागर क्षेत्र में सऊदी अरब के खिलाफ नौसैनिक नाकाबंदी की घोषणा करने का दावा किया था। संगठन ने इसके लिए यमन पर सऊदी अरब की कथित नाकाबंदी को जिम्मेदार बताया था। हालांकि, रियाद ने इन आरोपों को खारिज किया था।

मक्का रक्षा समझौते के बाद बढ़ी चर्चा

जुबैल की घटना ऐसे समय सामने आई है, जब पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये के बीच हाल ही में ‘मक्का संयुक्त रक्षा समझौते’ पर हस्ताक्षर हुए हैं। इस समझौते का उद्देश्य तीनों देशों के बीच रक्षा और सैन्य सहयोग को मजबूत करना है।

समझौते के तहत तीनों देशों में से किसी एक पर होने वाले सशस्त्र हमले को सभी पर हमला माना जाएगा। ऐसे में सऊदी अरब के महत्वपूर्ण ऊर्जा प्रतिष्ठान में हुई इस घटना ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं।

फिलहाल, जुबैल में हुए धमाके की वास्तविक वजह और इसके पीछे किसका हाथ है, इसे लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

Check Also

बहिष्कार की अपील पड़ी फीकी, पीओके चुनाव में PML-N ने बनाई निर्णायक बढ़त

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) विधानसभा चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *