Friday , September 18 2026

पति की हत्या का खुलासा: कोल्ड ड्रिंक में नींद की गोलियां, फिर वार; बच्चों ने खोली साजिश की परतें

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में पति की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोप है कि महिला ने पहले कोल्ड ड्रिंक में नींद की गोलियां मिलाकर पति को बेहोश किया और फिर साड़ी के फंदे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। मामले का खुलासा बच्चों द्वारा पुलिस को दी गई सूचना के बाद हुआ।

घटना माधोटांडा थाना क्षेत्र के लोहरपुरी गांव की है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय उमाशंकर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय घर में मौजूद बेटे और बेटी ने कथित तौर पर अपनी मां को पिता का गला घोंटते देखा। इसके बाद दोनों ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी।

पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला घटना के बाद अपने भाई के साथ थाने पहुंची और पति के अचानक अचेत होने की बात बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि, बच्चों की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला को हिरासत में ले लिया।

जांच अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती पड़ताल में महिला के एक अन्य व्यक्ति से कथित संबंधों की बात सामने आई है। पुलिस इसी एंगल सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक गुजरात में मजदूरी करता था और कुछ दिन पहले ही घर लौटा था।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और अन्य सबूतों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।

Check Also

अयोध्या राममंदिर: देव शिल्पी विश्वकर्मा की हुई पूजा, मंदिर परिसर में दिखा भक्तिमय माहौल

श्रीराम जन्मभूमि परिसर में देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर विशेष पूजन-अनुष्ठान ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *