Friday , September 18 2026

आईसीसी ने घोषित किए 2027 वनडे विश्व कप के वेन्यू, दक्षिण अफ्रीका बनेगा सबसे बड़ा मेजबान

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने 2027 वनडे विश्व कप के आयोजन स्थलों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। यह टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। कुल 12 वेन्यू पर मुकाबले होंगे, जिनमें दक्षिण अफ्रीका के आठ, जिम्बाब्वे के तीन और नामीबिया का एक स्टेडियम शामिल है। 24 साल बाद वनडे विश्व कप की अफ्रीका में वापसी हो रही है।

दक्षिण अफ्रीका के आठ स्टेडियमों में होंगे मुकाबले

विश्व कप के अधिकांश मैच दक्षिण अफ्रीका के प्रतिष्ठित मैदानों पर खेले जाएंगे। इनमें वांडरर्स स्टेडियम (जोहानिसबर्ग), सुपरस्पोर्ट पार्क (सेंचुरियन), न्यूलैंड्स (केपटाउन), किंग्समीड (डरबन), सेंट जॉर्ज पार्क (गकेबेर्हा), मंगाउंग ओवल (ब्लोमफोंटेन), बोलैंड पार्क (पार्ल) और बफेलो पार्क शामिल हैं।

जिम्बाब्वे और नामीबिया भी होंगे मेजबान

जिम्बाब्वे में हरारे स्पोर्ट्स क्लब, क्वींस स्पोर्ट्स क्लब (बुलावायो) और फाले मोसी-ओआ-टुन्या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (विक्टोरिया फॉल्स) में मैच खेले जाएंगे। वहीं, नामीबिया की राजधानी विंडहोक स्थित नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड भी टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा।

नए प्रारूप में खेला जाएगा विश्व कप

आईसीसी ने 2027 विश्व कप के लिए नया टूर्नामेंट प्रारूप भी लागू किया है। प्रतियोगिता में 57 मैच खेले जाएंगे। पहले चरण में 12वें से 14वें स्थान की तीन टीमें सुपर सीरीज खेलेंगी, जिसकी विजेता टीम मुख्य चरण में पहुंचेगी। इसके बाद 12 टीमों को दो समूहों में बांटकर लीग मुकाबले होंगे। आगे सुपर-7 चरण के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी और फिर फाइनल खेला जाएगा।

जय शाह बोले- अफ्रीका के लिए ऐतिहासिक अवसर

आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा कि 24 वर्षों बाद वनडे विश्व कप का अफ्रीका लौटना क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक पल है। उन्होंने विश्वास जताया कि दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर दुनिया को एक यादगार टूर्नामेंट देंगे और क्षेत्र की खेल संस्कृति तथा मेहमाननवाजी का शानदार प्रदर्शन करेंगे।

Check Also

यूपी में बदलते वोट प्रतिशत का खेल, राजनीतिक दलों के सामने वोटरों का मूड बनाए रखने की चुनौती

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक दल वोटरों के रुझान ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *