उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने चुनावी कार्ययोजना तैयार कर ली है। इसी के तहत बिहार से मंगाई गई अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) राज्य पहुंच चुकी हैं और उन्हें जिलों में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही अगले महीने जिला निर्वाचन अधिकारियों, रिटर्निंग अधिकारियों और चुनाव ड्यूटी से जुड़े अन्य अधिकारियों का प्रशिक्षण भी आयोजित किया जाएगा।
बिहार से पहुंचीं हजारों ईवीएम
चुनाव आयोग के अनुसार, उत्तराखंड को बिहार से 2,500 बैलेट यूनिट, 6,000 वीवीपैट और 12,500 कंट्रोल यूनिट प्राप्त हुई हैं। इन मशीनों को जिलावार वितरित किया जा रहा है, ताकि चुनाव से पहले सभी तैयारियां समय पर पूरी की जा सकें।
राज्य में पहले से 27,700 बैलेट यूनिट, 25,697 वीवीपैट और 36,553 कंट्रोल यूनिट उपलब्ध हैं। नई मशीनों के शामिल होने के बाद चुनावी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
सितंबर-अक्टूबर में होगी ईवीएम की जांच
चुनाव आयोग की कार्ययोजना के अनुसार, सितंबर और अक्टूबर में सभी ईवीएम की प्रथम स्तर की जांच (First Level Checking) की जाएगी। इस दौरान तकनीकी रूप से खराब पाई जाने वाली मशीनों को अलग कर दिया जाएगा, जबकि सही मशीनों को सील कर सुरक्षित स्ट्रॉन्ग रूम में रखा जाएगा।
अधिकारियों और राजनीतिक दलों को मिलेगा प्रशिक्षण
अगले महीने जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO), रिटर्निंग अधिकारियों (RO) और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अन्य अधिकारियों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और विभिन्न चुनावी प्रकोष्ठों को भी ईवीएम संचालन और चुनावी प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही मतदाता जागरूकता अभियान (SVEEP) की तैयारियां भी तेज की जाएंगी।
तीन साल से एक ही जगह तैनात अधिकारियों का होगा तबादला
चुनाव आयोग जल्द ही राज्य सरकार को निर्देश भेज सकता है, जिसके तहत तीन वर्ष या उससे अधिक समय से एक ही स्थान पर तैनात आईएएस, पीसीएस और चुनाव ड्यूटी से जुड़े अधिकारियों का तबादला किया जाएगा। यह प्रक्रिया चुनाव से करीब छह महीने पहले पूरी की जाती है, ताकि नए अधिकारी चुनाव संबंधी सभी प्रशिक्षण समय पर प्राप्त कर सकें।
चुनाव आयोग का कहना है कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी तैयारियां तय समयसीमा के अनुसार तेजी से आगे बढ़ाई जा रही हैं।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi